चंडीगढ़। सब-जूनियर वुमेंस क्रिकेट चैंपियनशिप फॉर अंडर-16 कैलाश बहल ट्रॉफी में गवर्नमेंट स्कूल सेक्टर-26 ने आईएस देव समाज स्कूल को 55 रन से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया है। गवर्नमेंट स्कूल सेक्टर-56 में खेले गए तीसरे स्थान के लिए मैच में आईएस देव समाज स्कूल ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी गवर्नमेंट स्कूल-26 की टीम ने 20 ओवरों में 3 विकेट पर 228 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से रजनी ने 147 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। वहीं विपक्षी टीम के लिए प्रियंका ने दो विकेट लिए।
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी आईएस देव समाज स्कूल की टीम ने अच्छी बल्लेबाजी तो की लेकिन वे 20 ओवरों में 6 विकेट पर 173 रन ही बना सकी। टीम की ओर से प्रियंका ने 23 और शगुन ने 20 रन बनाए। गवर्नमेंट स्कूल सेक्टर-26 की ओर से अंजली ने तीन बल्लेबाजों को चलता किया जबकि रजनी ने एक विकेट लिया।