चंडीगढ़। चंडीगढ़ स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट द्वारा आयोजित स्टेट वुमेंस चैंपियनशिप के बैडमिंटन में कंवलजीत कौर ने सभी को प्रभावित करते हुए दोहरा खिताब हासिल किया है। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सेक्टर-42 के इंडोर बैडमिंटन हॉल में कंवलजीत ने सिंगल्स फाइनल में निशा को 2-1 से हराया। पहले ही सेट में कंवलजीत ने पहला सेट 14-21 से हारा लेकिन इसके बाद उन्होंने दो सेट 21-9 और 21-17 से जीतकर विजेता ट्रॉफी हासिल कर ली।वहीं डबल्स इवेंट में कंवलजीत ने सानिया के साथ जोड़ी बनाकर पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने गरिमा और रोमिल की जोड़ी को सीधे सेटों में 21-15, 21-6 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
टेबल टेनिस में कल्याणी बनी चैंपियन: टेबल टेनिस इवेंट में कल्याणी ने पहला स्थान हासिल किया। एसडी कॉलेज की कल्याणी ने अपने ही कॉलेज की नैना को 3-1 से हराया। कल्याण को खिताबी मुकाबले के पहले ही गेम में 7-11 से हार का सामना करना पड़ा। लेकिन इसके बाद उन्होंने तीन गेम 11-9, 14-12, 13-11 से हरा दिया। इसमें तीसरे स्थान के लिए खेले गए मैच में रिचा ने पीयू चंडीगढ़ की शीतल को 11-9, 8-11, 11-7, 12-10 से मात दे दी।
कबड्डी में जीजीएस- देव समाज फाइनल में: कबड्डी चैंपियनशिप में जीजीएस स्कूल-26 और देव समाज कॉलेज ने फाइनल में स्थान बना लिया है। यहां खेले गए पहले सेमीफाइनल में जीजीएस-26 ने जीएसएसएस धनास को 28-3 से हराया जबकि देव समाज कॉलेज सेक्टर-45 ने पीजीजीसी कॉलेज सेक्टर-42 को 25-20 से शिकस्त दी।