चंडीगढ़। पांचवें वर्ल्ड
कबड्डी कप में भारत के लिए शनिवार का दिन शानदार रहा। भारत की मेंस और वुमेंस टीमों ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की। भारतीय पुरुष टीम ने यूएसए को एकतरफा अंदाज में 52-29 से हराया तो वहीं भारतीय महिलाओं ने डेनमार्क को 50-16 से करारी शिकस्त दी। दिन के पहले मैच में ईरान ने स्पेन को 54-27 से शिकस्त देकर जीत दर्ज की। कपूरथला में खेले गए तीनों मुकाबलों में भारतीय पुरुषों का मैच आखिरी रहा। लोकल खिलाड़ियों को अपने फैंस का बेहतरीन सपोर्ट मिला जिससे उनका जोश दोगुणा हो गया।
भारतीय गबरुओं ने भी उन्हें निराश नहीं किया और अमेरिकी खिलाड़ियों को 52-29 से मात दी। हाफ टाइम में भारतीय टीम 27-15 से लीड कर रही थी। भारत की जीत के हीरो रहे रेडर गगनदीप जागवाल और कमलदीप जिन्होंने 8-8 अंक बटोरे। वहीं संदीप ने सात अंक बटोरे। स्टॉपर्स में सुखजीत सिंह ने 4 और सुखमजीत ने 3 अंक अपने नाम किया।
अमेरिका के लिए सबसे ज्यादा 9 अंक परमिंदर ने बटोरे। गत चैंपियन भारतीय महिलाओं ने डेनमार्क को 50-16 से धूल चटाई। उन्होंने पूरे मैच के दौरान अपना दबदबा बनाए रखा। विजेता टीम की ओर से सुखविंदर ने आठ और प्रियंका ने 3 अंक बटोरे। वहीं स्टॉपर्स में टीम की स्टार अनु ने 3 और मनदीप ने 7 अंक प्राप्त किया। डेनमार्क की ओर से मिली ने 11 अंक बटोरे जबकि स्टॉपर्स में माजा ने दो अंक हासिल किए।
ईरान से हारा स्पेन: दिन के पहले मैच में ईरानी पुरुषों ने जीत हासिल की। उन्होंने स्पेन को एकतरफा मैच में 54-27 से मात दी। हाफ टाइम तक विजेता टीम 28-10 से आगे थी। ईरान की ओर से बेहमान, अहमद और मुस्तफा ने 7-7 अंक हासिल किए। वहीं स्टॉपर्स में अलपेजा ने 4 और मोजताबा ने 3 अंक प्राप्त किए। स्पेन के लिए सैमुअल ने 9 और सनतिगो ने 6 अंक प्राप्त किए। स्टॉपर्स में एलेजांद्रो ने 3 अंक बटोरे