पंजाब पहले ही दिन १९५ पर सिमटा
चंडीगढ़। रणजी ट्रॉफी ग्रुप बी के दूसरे मैच में विर्दभ ने पंजाब को पहले ही दिन १९५ रन पर समेट दिया। नागपुर के जामठा क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को शुरू हुए चार दिवसीय मैच में विर्दभ ने टॉस जीत कर पंजाब को बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। यह फैसला सही साबित हुआ और पंजाब की टीम ७७.५ ओवर में २०० तक भी नहीं पहुंच पाई। पंजाब के लिए मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज गुरकीरत मान ने १३४ गेंदों में ९ चौके लगाते हुए ७५ रन की पारी खेली। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज विकेट पर टिक नहीं पाया। एक समय पंजाब ने ४७ रन पर ४ विकेट गंवा दिए थे लेकिन गुरकीरत और तरूवर कोहली(२६) ने टीम को कुछ हद तक संभाल लिया। विर्दभ के लिए आरवी ध्रुव ने ५६ रन देकर ४ विकेट झटके। इसके अलावा वाग और बंदवार ने २-२ खिलाड़ियों को आउट किया। दिन का खेल खत्म होने तक विर्दभ ने बिना कोई विकेट खोए ३ रन बना लिए थे। पंजाब के लिए इस मैच में युवराज सिंह के न होने का नुकसान उठाना पड़ा। पहले मैच में हरियाणा के खिलाफ जीत दिलाने वाले युवी ने इस मैच में रेस्ट लिया था और उनकी गैरमौजूदगी में टीम १९५ रन पर ही सिमट गई।