चंडीगढ़। चंडीगढ़ के युवा टेनिस खिलाड़ी रंजीत सिंह ने पहला आएटा मेंस खिताब अपने नाम किया है। रंजीत ने करनाल में खेले गए फाइनल मुकाबले में दीपिंदर सिंह बैंस को एकतरफा मुकाबले में 6-2, 6-1 से हराकर खिताब पर कब्जा किया। रंजीत ने खिताबी मुकाबले में साबित किया कि क्यों उन्हें एक अच्छा खिलाड़ी कहा जाता है। रंजीत और दीपिंदर ने इससे पहले तीन सेट तक चले सेमीफाइनल मुकाबलों को जीतकर फाइनल का टिकट कटाया था। लेकिन फाइनल में रंजीत ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया। पहला सेट रंजीत ने एकतरफा अंदाज में 6-2 से अपने नाम किया। वहीं दूसरे सेट में तो रंजीत पहले से भी ज्यादा आक्रामक दिखे। उन्होंने तेज सर्व आैर दमदार बैकहैंड के जरिए 6-1 से जीतकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
वहीं एक अन्य कैटेगरी के फाइनल में सीएलटीए ट्रेनी सबरंग संदल ने मैराथन मुकाबले में दानिश अहमद को हरा दिया। सबरंग ने यहां पर पहला सेट कड़े संघर्ष के बाद 7-5 से जीता। इसके बाद दानिश ने मुकाबले में वापसी की और 6-3 से दूसरा सेट अपने नाम किया। तीसरे सेट में दोनों ही खिलाड़ी हार मानने को तैयार नहीं थे और इसी कारण सेट एक समय 6-6 से बराबर हो गया। टाइब्रेकर में सबरंग ने इसमें 8-6 से जीत दर्ज कर ट्रॉफी हासिल कर ली। इससे पहले उन्होंने डबल्स में सहिंशु शर्मा के साथ मिलकर डबल्स फाइनल में उदयवीर और युवराज पंडित को 6-3, 7-5 से हराया था।