- Hindi News
- पहले दिन गिरे २६ विकेट, दूसरे दिन मैच खत्म
पहले दिन गिरे २६ विकेट, दूसरे दिन मैच खत्म
चंडीगढ़। रणजी ट्रॉफी ग्रुप-बी मुकाबले में हरियाणा की चुनौती दूसरे दिन लंच तक ही समाप्त हो गई। उसे गुजरात ने मोटेरा पर नौ विकेट से हराकर नॉकआउट दौर मे जाने की अपना दावा मजबूत कर लिया है। गुजरात ने इस मैच में कुल 6 अंक बटोरे और अब उनके कुल अंक 24 हो गए हैं। इससे पहले दोनों के बीच मैच के पहले दिन 26 विकेट गिरे थे। हरियाणा की मैच में पहली पारी 129 रन पर समाप्त हुई थी और फिर दूसरी वारी में हरियाणवी शेर 110 रन बनाकर सिमट गई। गुजरात की पहली वारी 129 रन पर ढेर हुई थी और दूसरी पारी में 1 विकेट खोकर 115 रन बना मैच जीत लिया।
इससे पहले हरियाणा ने पहले दिन के स्कोर 6 विकेट पर 71 रन से आगे खेलना शुरू किया था। नाबाद बल्लेबाज जयंत यादव नाबाद ही रहे। उन्होंने 11 रन से अपनी पारी को बढ़ाकर 33* रन तक पहुंचाया। उनके अलावा तेवतिया ने 12 रन बनाए। उनके अलावा दिन मे कोई भी खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका। मेहमान टीम 110 रन बनाकर ढेर हो गई। गुजरात की ओर से कलारिया ने पांच बल्लेबाजों को चलता किया जबकि पंचाल ने तीन और पवार ने दो विकेट झटके। इसके बाद गुजरात को 115 रन का लक्ष्य मिला जिसे उन्होंने 18 ओवरों में एक विकेट खोकर अपने नाम कर लिया। टीम के लिए पार्थिव पटेल ने नाबाद 62 रन बनाए जबकि गांधी ने नाबाद 42 रन बनाए। हरियाणा के लिए जयंत यादव ने एकमात्र विकेट लिया।