चंडीगढ़. पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) कैंपस में आयोजित 6वें रोज फेस्टिवल के अंतिम दिन रविवार को लोग पूरे परिवार के साथ रोज फेस्टिवल का लुत्फ उठाने पहुंचे। दिनभर युवाओं ने खूब मस्ती की। रोज फेस्टिवल में गुलाबों की 150 से अधिक वैरायटी देखने के लिए लोगों में खूब क्रेज रहा। शहर के सभी कॉलेज और यूनिवर्सिटी के युवा पीयू कैंपस में गुलाबों से खिले रोज गार्डन को देखने पहुंचे। रोज फेस्ट में लगे झूलों पर दिनभर भारी भीड़ रही।
रविवार को रोज फेस्ट के अंतिम दिन रोज प्रिंस और रोज प्रिंसेज इवेंट मुख्य आकर्षण रहा और तीन दिवसीय इस फेस्ट के अंतिम दिन सांसद और एक्ट्रेस किरण खेर मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहीं। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ रंगारंग कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ। रोज क्विज, सिंगिंग कोलॉज मेकिंग, रंगोली और स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिताओं में करीब 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
फेस्ट के दौरान रंगोली के माध्यम से स्टूडेंट ने प्रेम, सौहार्द और स्वच्छता का संदेश दिया। स्वच्छ भारत का संदेश देते हुए बनाई गई रंगोली में जहां महात्मा गांधी को हाथों में झाडू पकड़े हुए दर्शाया गया। वहीं, प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी के सफाई अभियान के लिए फॉलो मोदी के संदेश से सजाया गया।
रविवार को कई कार्यक्रम हुए। वंदे मातरम्..., मेरे नाल तूं विसल वजा... जैसे कई गानों के साथ करीब 400 स्टूडेंट्स ने डांस की परफॉर्मेंस दी। पंजाब यूनिवर्सिटी के रोज फेस्टिवल में अंडर-16 में करीब 200 स्टूडेंट्स थे तो उतने ही उनसे ज्यादा एज ग्रुप के लोग। डांस परफॉर्मेंस के लिए पांच मिनट का समय भी नहीं दिया जा रहा था। एक पैरा के बाद ही पार्टिसिपेंट्स को अपनी स्टेज छोड़नी पड़ती। एक ओर जहां डांस कंपीटिशन चल रहे थे, वहीं दूसरी ओर दूसरे प्रोग्राम का भी लोग मजा ले रहे थे।
रविवार को फेस्ट के अंतिम दिन पंजाबी सिंगर सतविंदर बग्गा ने परफॉर्मेंस दी। उन्होंने अपने कई गाने गाए। वहीं, क्रिएटिव मेहंदी, फेस पेंटिंग और फोटोग्राफी कंपीटिशन के विजेताओं को सम्मानित किया गया। पंजाब यूनिवर्सिटी के रोज फेस्ट में कई तरह के झूले लगाए थे। इन पर युवाओं ने जमकर मस्ती की। वहीं कई ने चेहरे पर पेंटिंग कर सेव गर्ल चाइल्ड का मैसेज दिया।
आगे की स्लाइड में देखिए फेस्ट से जुड़ी तस्वीरें...