चंडीगढ़। जिस टर्निंग ट्रैक पर पंजाब ने दिल्ली को हरा कर नॉक आउट स्टेज में पहुंचने की रणनीति बनाई थी, उसी ध्रुव पांडव स्टेडियम की पिच पर दिल्ली ने मैच के तीसरे ही दिन पंजाब को 88 रन से पराजित कर दिया। पटियाला में खेले गए मैच में पंजाब ने दिल्ली को दूसरी पारी में 192 रन पर आउट कर दिया था। इस तरह पंजाब को जीतने के लिए 178 रन का टारगेट मिला लेकिन दिल्ली के स्पिनर्स के आगे पंजाब की टीम रविवार को 90 रन पर ही सिमट गई।
इसके साथ ही पंजाब का रणजी नॉक अाउट में पहुंचने का सपना भी टूट गया। मोहाली में ओडिशा के हाथों हार के बाद टीम को यहां पर जीत जरूरी थी लेकिन बल्लेबाजों के बेहद खराब प्रदर्शन की वजह से दूसरी पारी में टीम 100 तक भी नहीं पहुंच पाई। टीम के स्टार बल्लेबाज
युवराज सिंह भी 15 रन बना कर क्लीन बोल्ड हो गए। बाकी बल्लेबाज भी विकेट पर टिक नहीं सके।