चंडीगढ़. रोहतक में नेपाली युवती की रेप के बाद की गई दर्दनाक हत्या के मामले में स्थानीय सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने सरकार से मांग की है कि अपराधियों की तुरंत गिरफ्तारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह घटना दिल्ली के निर्भया कांड से भी वीभत्स है और हरियाणा में इस तरह की वारदात अब से पहले कभी नहीं हुई।
दीपेंद्र सिंह हुड्डा रविवार को चंडीगढ़ में अपने पिता पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकारी कोठी पर भोज कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने इस मामले में पुलिस और सरकार की ढिलाई पर गहरी चिंता व्यक्त की और कहा कि दिल्ली की घटना के बाद दो दिन में ही अपराधियों का गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि यहां 8 दिन बाद भी पुलिस अपराधियों को पकडऩे में सफल नहीं हो पाई है।
सांसद ने कहा कि दु:ख की बात यह है कि भाजपा सरकार एक तरफ तो बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की बात कर रही है और दूसरी ओर से इस घटना के 8 दिन बाद भी मुख्यमंत्री से लेकर कोई भी मंत्री या सरकार का बड़ा अफसर पीडि़त परिवार को ढांढस बंधाने तक नहीं गया है। यहां तक कि सारा मामला एक पुलिस अफसर के भरोसे छोड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि पीडि़त परिवार ने 1 फरवरी को ही नेपाली युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही। अगर पुलिस उसी समय सक्रिय होती तो संभव था कि यह घटना नहीं होती। उन्होंने मांग की सीएम या उनके वरिष्ठ मंत्री जाकर पीडि़त परिवार को ढांढस बाधाएं। साथ ही इस मामले की जांच करके लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।