चंडीगढ़। पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के समाधिस्थ प्रमुख आशुतोष महाराज के अंतिम संस्कार को लेकर हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। इस मामले की सुनवाई कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एसजे वजीफबार एवं जस्टिस एजी मसीह की डिविजन बेंच करेगा। हाईकोर्ट की पीठ ने 15 दिसंबर को तीन अलग-अलग अपीलों पर सुनवाई करते हुए एकल बेंच द्वारा दिए गए दाह संस्कार के आदेश पर रोक लगा दी थी।
हाईकोर्ट पीठ ने मामले पर रोक लगाते हुए कहा था कि यह मामला महत्वपूर्ण है और सभी पक्ष एकल बेंच के फैसले के दाह संस्कार के आदेश पर रोक की मांग कर रहे हैं, इसलिए वह सभी पक्षों को सुनने के बाद इस पर कोई फैसला देंगे। मामले की सुनवाई के दौरान पंजाब सरकार ने एकल बेंच के आदेश को खारिज करने की मांग यह कहते हुए की थी कि इससे कानून व्यवस्था को खतरा पैदा हो सकता है।
महाराज के कथित पुत्र दिलीप कुमार झा ने भी महाराज के डीएनए टेस्ट की मांग की थी, जिससे वह खुद को उनका पुत्र साबित कर सकें और अपने पिता का दाह संस्कार कर सकें। उल्लेखनीय है कि आशुतोष महाराज को डॉक्टरों ने 29 जनवरी 2013 को क्लीनिकली डेड घोषित कर दिया था, जबकि संस्थान का कहना है कि वह महा समाधि में हैं और एक दिन जरूर प्रकट होंगे।