चंडीगढ़. इनेलो के वरिष्ठ नेता एवं हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने रोहतक में अशक्त नेपाली युवती के साथ सामूहिक बलात्कार के बाद निर्मम हत्या किए जाने की घटना को बेहद शर्मनाक व हैवानियत वाली घटना बताते हुए सरकार से तुरंत अपराधियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई किए जाने और प्रदेश में निरंतर बिगड़ रही कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार लाने के लिए उचित कदम उठाए जाने की मांग की है।
चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की भ्रष्ट व गलत नीतियों के कारण कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह बेकाबू हो गई थी और मौजूदा सरकार भी उसमें कोई सुधार नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि रोहतक की इस शर्मनाक घटना को लेकर देश व प्रदेशभर में लोगों में भारी गुस्सा और रोष पाया जा रहा है और सरकार को इस संबंध में तुरंत प्रभावी कदम उठाने चाहिए ताकि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति को और ज्यादा बिगडऩे से बचाया जा सके।
चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हुड्डा सरकार के कार्यकाल दौरान रोहतक में अपना घर कांड में मंदबुद्धि बच्चियों के साथ बलात्कार व शारीरिक शोषण की शर्मनाक घटनाएं सामने आई थी और हुड्डा सरकार ने मुख्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय उन्हें संरक्षण देने का काम किया। इनेलो नेता ने मौजूदा घटनाओं के साथ-साथ अपना घर कांड में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ भी नए सिरे से निष्पक्ष जांच करवाकर कार्रवाई किए जाने और दोषियों को दण्ड दिए जाने की मांग की।
इनेलो नेता ने कहा कि रोहतक के अपना घर कांड में कांग्रेस के दो विधायकों का नाम भी सामने आने के बाद तत्कालीन सरकार ने मामले पर पर्दा डालने का प्रयास किया। हालांकि यह बात भी उजागर हो गई थी कि अपना घर कांड में रहने वाली मंदबुद्धि बच्चियों के साथ हुए शारीरिक शोषण के लिए जिम्मेदार मुख्य आरोपियों के न सिर्फ कांग्रेसी नेताओं के साथ करीबी रिश्ते थे बल्कि कांग्रेसी नेता अपना घर कांड के आरोपियों के साथ भी अक्सर देखे जाते थे। कांग्रेस के दो विधायकों ने अपना घर कांड की मुख्य आरोपी जसवंती को एक लाख रुपए की नगद पुरस्कार राशि सहित राज्यस्तरीय सम्मान दिलवाने का भी काम किया था।
इनेलो नेता ने कहा कि आज कांग्रेसी नेता किस मुंह से कानून और व्यवस्था की स्थिति का मामला उठाते हैं जबकि प्रदेश में कांग्रेस के शासनकाल दौरान ही न सिर्फ कानून व्यवस्था की स्थिति का पूरी तरह से दिवालिया पिट गया बल्कि राज्य में हुड्डा सरकार के दौरान पूरी तरह से जंगलराज कायम था और अपराधियों को सरकार में बैठे लोगों से संरक्षण मिल रहा था। हर कोई जानता है कि कांग्रेस की वजह से ही प्रदेश में अपराध बढ़े और आज मौजूदा सरकार का ढुलमुल रवैया भी अपराधों को रोकने में विफलता का मुख्य कारण है। मौजूदा सरकार की प्रशासन पर कमजोर पकड़ के कारण कानून व्यवस्था की स्थिति पर लगाम लगने की बजाय और ज्यादा अपराध बढ़ रहे हैं और अपराधों के ग्राफ में बढ़ौतरी हुई है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश के लोगों को उम्मीद थी कि नई सरकार प्रदेश में अपराधों पर लगाम लगाएगी लेकिन सरकार लोगों की उम्मीदों पर पूरी नहीं उतर पाई और अपराधी निरंतर प्रशासन को चकमा देकर कानून और व्यवस्था की स्थिति को और ज्यादा खराब करने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जाती तो प्रदेश की आज यह हालत न होती।
उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार को भी समय रहते अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए और लोगों की जानमाल की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि रोहतक में अशक्त नेपाली युवती के साथ घटी दरिंदगी की घटना ने न सिर्फ पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया है बल्कि इस घटना से प्रदेशवासियों का सिर भी शर्म से झुक गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में सरकार को अपराधियों के साथ-साथ उन अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई करनी चाहिए, जिन्होंने ऐसे मामलों को गंभीरता से लेने की बजाय इन्हें खुर्दबुर्द करने का प्रयास किया।