चंडीगढ़। दैनिक भास्कर समाचार पत्र समूह हरियाणा सरकार की योजना के तहत पानीपत जिले के गांव को गोद में लेकर उसका विकास करवाएगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अपील पर भास्कर समाचार पत्र समूह ने जिला के एक गांव को गोद लेने की घोषणा मौके पर की।
मनोहर लाल आज पानीपत में दैनिक भास्कर के स्टेट हैड क्वार्टर के नव निर्मित भवन और मुद्रण संयंत्र के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि आदर्श ग्राम योजना के तहत हरियाणा के सभी गांवों को सांसदों, विधायकों, अधिकारियों और समाज सेवी संस्थाओं के माध्यम से कवर किया जाएगा।
समाचारों से पाठकों में संस्कार
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का युग नई तकनीक और कम्प्यूटर क्रांति का युग है। आज देश में बहुत से समाचार पत्र छप रहे हैं। दैनिक जीवन में समाचार पत्र का बहुत प्रभाव पड़ता है। समाचार पत्र जहां लोगों की समस्याओं को उठाते हैं, वहीं विचार परिवर्तन करने में भी अहम भूमिका अदा करते हैं। उन्होंने कहा कि समाचार पत्रों को भी सरकारी योजनाओं का और अधिक प्रचार-प्रसार करने के साथ-साथ तटस्थ रहकर अपना काम करना चाहिए। समाचार पत्र जैसे समाचार छापेगा, वैसे ही पाठकों में संस्कार पड़ेंगे।
उन्होंने गणित का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार गणित में लाभ-हानि के सवाल पूछे जाते हैं जैसे एक लीटर दूध को दूधिया एक रुपया महंगा बेचकर भी एक रुपया कमा सकता है और 100 ग्राम पानी मिलाकर भाव के भाव बेचकर भी एक रुपया ही कमाता है। लेकिन प्रथम स्थिति से ईमानदारी का संकेत जाता है और दूसरी स्थिति से बेईमानी का। इसी तर्ज पर सरकार को ईमानदारी वाला विकल्प चुनना है और इसके लिए हरियाणा सरकार ने मार्ग तैयार कर लिया है।
कृषि भास्कर एडिशन लाने की सराहना
समारोह को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि हरियाणा कृषि प्रधान प्रदेश है और प्रदेश सरकार आधुनिक तकनीक के अनुसार कृषि विकास पर विशेष जोर दे रही है। यह हम सबके लिए गौरव की बात है कि दैनिक भास्कर समाचार पत्र समूह शीघ्र ही कृषि भास्कर एडिशन भी लाएगा। इससे किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने में सुविधा मिलेगी और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकेगी।