मोहाली. चंडीगढ़: टेलीकॉम कंपनी के एक एग्जिक्यूटिव ने प्रपोज-डे से एक दिन पहले ही इश्क की खुमारी में कॉल करने वाली एक कस्टमर को ही प्रपोज कर दिया। लेकिन उस एग्जिक्यूटिव की ये हरकत अब उस पर भारी पड़ गई है, क्योंकि महिला ने एसएसपी को शिकायत दे दी है। एसएसपी ने यह शिकायत इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस को मार्क कर दी है।
शनिवार को वेलेंटाइन वीक का पहला दिन था। खरड़ की एक महिला के पति ने बताया कि घर में उनका नेट खराब पड़ा था। उनकी पत्नी ने कंपनी के हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर नेट को ठीक करने की शिकायत की तो सामने से फोन उठाने वाला कॉलर युवक उनसे अभद्र व्यवहार करने लगा। उसने कहा, मैडम आपकी आवाज बहुत मीठी है। इसके बाद वेलेंटाइन वीक की बात कहकर प्रपोज कर दिया।
महिला ने जब इस बात का विरोध किया तो एग्जिक्यूटिव अश्लील बातें करने लगा। इस पर महिला ने फोन काट कर अपनी पति को सारी बात बताई। रविवार को वह इंडस्ट्रियल एरिया फेज-8 टेलीकॉम कंपनी के ऑफिस शिकायत करने गए तो उनको अंदर किसी अधिकारी से मिलने नहीं दिया गया। इसके बाद दंपती ने एसएसपी ऑफिस पहुंचकर शिकायत दी।