चंडीगढ़। डेरा सच्चा सौदा में छात्रा के कथित कत्ल के मामले में आज पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट में सुनवाई आज होगी। जस्टिस एसके मित्तल की डिवीजन बेंच ने हरियाणा सरकार को नोटिस जारी कर मामले में हरियाणा सरकार से जवाब मांग मांगा था।
बाबा राम रहीम के कभी अनुयायी रह चुके राम कुमार बिश्नोई ने डेरे में एक बीएड छात्रा की मौत को कत्ल बताते हुए सीबीआई जांच की मांग को लेकर हाईकोर्ट को पत्र लिखा था। इसी पर हाईकोर्ट ने खुद से संज्ञान लेकर नोटिस जारी किया था।
हाईकोर्ट को भेजे गए पत्र में आरोप लगाया कि डेरे में साध्वियों से कथित दुराचार के मामले में कोर्ट तक में लिखित बयान आ चुका है कि डेरे के हॉस्टल से लड़कियां गुफा में ले जाई जाती थीं। हवाला दिया कि पिछले दिनों डेरे के गल्र्स हॉस्टल में बीएड छात्रा सौम्या त्यागी की मौत हो गई थी। इसे आत्महत्या बताया जा रहा है।
बिश्नोई ने यह भी आरोप लगाया है कि असल में यह कत्ल है और हरियाणा पुलिस डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के प्रभाव के कारण ऐसे मामलों की जांच नहीं कर रही। लिहाजा सीबीआई जांच होनी चाहिए।
आरोप लगाया गया है कि यह कत्ल कथित तौर पर डेरा प्रमुख और सहयोगियों की ओर से किया गया। यह तथ्य भी पेश किया गया कि जिस हॉस्टल में सौम्या त्यागी की मौत हुई वह हॉस्टल गुफा के उसी दरवाजे के पास है।