चंडीगढ़। सेक्टर-16 के एक रेडियो डाइग्नोसिस सेंटर में इलाज करवाने के लिए आए दो बीमारों समेत उनके तीन तीमारदार लिफ्ट में फंस गए। पहले आधा घंटा वह अस्पताल प्रशासन से ही बाहर निकाले जाने का इंतजार करते रहे, लेकिन जब वह निकालने में सक्षम नहीं रहे तो खुद को कंट्रोल रूम पर इत्तला दी। जिसके बाद उन्हें लिफ्ट से बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि इस दौरान दोनों मरीजों की तबीयत ठीक रही।
75 साल की शांति देवी भी लिफ्ट में फंसी...
बद्दी के रहने वाले विरेंदर कुमार, प्रकाश चंद के साथ अपनी 75 साल की बुजुर्ग मां शांति देवी के इलाज के लिए सेक्टर-16 आए हुए थे। वहीं दूसरी तरफ सेक्टर-24 की रहने वाली पुष्पा अपने पति सोमपाल के साथ इलाज के लिए आई हुई थी। पुष्पा को दिल की प्रॉब्लम हैं। घटना मंगलवार सुबह जब वह लिफ्ट के माध्यम से पहले मंजिल पर जाने के लिए एक साथ अंदर गए। लिफ्ट का बटन दबाया लेकिन इसके बाद वह फंस गई।
इसके बाद उन्होंने शोर मचाया जिस पर सेंटर पर तैनात लोग मदद के लिए इकट्ठा हो गए। विरेंदर के मुताबिक करीब आधा घंटे तक जब लिफ्ट नहीं खुल पा रही थी तो उन्होंने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम पर इत्तला दी। जिस पर पुलिस कर्मी और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। मामले में फायर ब्रिगेड ने अस्पताल प्रशासन के साथ मिलकर सभी को बाहर निकाला।
पुष्पा की हुई तबीयत खराब..
इस वाक्या के दौरान पुष्पा की तबीयत खराब हो गई। दिल की उन्हें पहले ही बीमारी थी इसके बाद जब उन्हें बाहर निकाला गया तो वह इस कदर घबरा गई थी कि उसका सारा शरीर कांप रहा था। बाहर आने के बाद लोगो ने उसे पानी पिलाया जिसके बाद वह धीरे धीरे स्थिर हो रही थी। वहीं दूसरी तरफ बुजुर्ग शांति देवी ठीक थी।