चंडीगढ़। पहले रॉयल बफे अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट में सर्वहितकारी क्रिकेट एकेडमी ने जीएनपीएससीसीए-36 को 6 विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बना ली। मोहाली क्रिकेट एसोसिएशन की तरफ से जीएनपीएस स्कूल सेक्टर-36 में आयोजित मैच में मेजबान टीम ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। आयुष सिक्का के 108 गेंदों में बेहतरीन 112 रन की पारी की मदद से जीएनपीएस ने 45 ओवर में 8 विकेट पर 234 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा कर लिया। अर्जुन आजाद ने 60 गेंदों में 45 रन का योगदान दिया।
सर्वहितकारी के लिए शुभमन गिल ने 42 रन देकर 3 जबकि हार्दिक ने 40 रन देकर 2 खिलाड़ियों को आउट किया। जवाब में सर्वहितकारी एकेडमी ने शुभमन गिल के 86 गेंदों में बनाए 113 रन की बदौलत 40 ओवर में 4 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। इसके अलावा आकाश गिल ने 60 गेंदों में 60 रन की शानदार पारी खेली। जीएनपीएस के लिए नितिन ने 24 रन देकर 2 जबकि सत्यम ने 36 रन देकर 2 विकेट झटके।