मोहाली. दिल्ली में आम लोगों की जीत से देशभर में अपने आप को पहचानने की बयार चल पड़ी है। लोगों में जज्बा है कि वो भी इसी तरह की क्रांति ला सकें। इसी जज्बे के साथ खालसा कॉलेज सेक्टर-26 में बीकॉम की फाइनल ईयर की 21 साल की स्टूडेंट्स हरकंवलप्रीत कौर चुनावी मैदान में उतरी हैं। हरकंवलप्रीत मोहाली निगम चुनावों में वार्ड नंबर 36 से आजाद तौर पर पार्षद का चुनाव लडेंगी।
सबसे कम उम्र की हैं हरकंवलप्रीत ...
बुधवार को उन्होंने अपना नामांकन फॉर्म भरा। उनका मानना है कि समाज में बदलाव होना चाहिए। अभी तक जितने भी लोगों ने नामांकन भरा है। हरकंवलप्रीत उनमें सबसे कम उम्र की हैं। वह लोगों के दिलों में कितना उतर पाती हैं, यह तो इलेक्शन के दिन ही पता चलेगा। फिलहाल उन्होंने जनसंपर्क शुरू कर दिया है।
जीत हार की चिंता नहीं...
हरकंवलप्रीत से जब पूछा गया कि बड़े बड़े महारथियों के बीच क्या वह चुनाव जीत पाएंगी तो उनका कहना था जीत हार की चिंता नहीं, वे लोगों की सेवा करना चाहती हैं और इसी भावना के साथ लोगों के बीच आई हैं।
कॉलेज यूनियन की भी मेंबर हैं कौर...
21 साल की स्टूडेंट्स हरकंवलप्रीत कौर कॉलेज यूनियन की भी मेंबर हैं। उन्होंने अपने क्षेत्र में चुनाव प्रचार शुरू कर लोगों को यह बताना शुरू कर दिया है कि अगर वह जीतती हैं तो लोगों को ज्यादा से ज्यादा सहुलियत होगी। वे ही नहीं बल्कि मां अमृतपाल कौर और पिता रमणीक सिंह भी काफी मेहनत कर रहे हैं। वे लोगों के घर जाकर उनसे मुलाकात कर रहे हैं।