चंडीगढ़. हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि सरकार द्वारा शीघ्र ही 47 हजार कर्मियों की भर्ती की जाएगी और इस मामले में कानूनी प्रक्रिया अपनाने के साथ-साथ पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता बरती जाएगी।
सीएम ने बुधवार को पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए यह जानकारी देते हुए बताया कि पिछली सरकार के गलत फैसलों के कारण भर्तियों में की गई गड़बड़ी की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पटवारियों को नियुक्ति दे दी गई है और जेबीटी अध्यापकों की नियुक्ति की जांच चल रही है तथा जांच में सही पाए जाने वाले अभ्यार्थियों के साथ पूरा न्याय किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में हजारों कर्मचारियों और अधिकारियों को तरक्की के अवसर दिए गए हैं। हरियाणा सरकार कर्मचारियों के हितों को प्रभावित नहीं होने देगी और उन्हें सभी उचित हक दिलवाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मनरेगा घोटाले की गहनता से जांच चल रही है। इस घोटाले में नामित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध मुकद में दर्ज करके जांच की जा रही है और जांच में जो भी कोई अन्य अधिकारी और कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उसे बख्शा नहींं जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश की जनता को भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी प्रशासन देने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की कथनी और करनी में कोई अंतर नही है। सरकार जो करेगी वही करेगी और जो करेगी, वही बताएगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के विकास सबके लिए नारे को चरितार्थ करने के लिए बिना किसी भेदभाव के पूरे हरियाणा का एकसमान विकास किया जाएगा।
अनिल विज से मन मुटाव नहीं...
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज से मन मुटाव संबंधी समाचारों पर पूछे गए प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके कोई भी मन मुटाव नहीं हैं और अनिल विज उनके बहुत पुराने मित्र हैं। मुख्यमंत्री बनने से पूर्व भी वह अकसर उनके निवास स्थान पर आकर उनसे मिलते रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी मंत्री और विधायक मिलजुल कर प्रदेश के विकास और जनता की भलाई के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के गरीब और कमजोर व्यक्तियों को उनका वाजिब हक दिलवाने के लिए कृत संकल्प है और इस दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के तेजी से विकास और आम जनता तक बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकारी संसाधनों का विकास किया जा रहा है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा के कमजोर प्रदर्शन के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि प्रजातंत्र में जनता का फैसला सभी के लिए मान्य होता है और पार्टी हार के कारणों की समीक्षा करके रणनीति में जहां भी कमी रही है, उसे सुधारने के लिए कार्य करेगी।
अम्बाला आगमन के उद्देश्य पर पूछे गए प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह हर जिला में जाकर अधिकारियों से विभिन्न विभागों की कार्य प्रणाली पर चर्चा कर रहे हैं और अधिकारियों को सरकार की मंशा से अवगत करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे प्रदेश के 20 जिलों में ऐसी बैठकें आयोजित कर चुके थे और आज अम्बाला में 21वां इस तरह का कार्यक्रम आयोजित करके समीक्षा का प्रथम चरण पूरा कर चुके हैं। अम्बाला को फ्री होल्ड करने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले की समीक्षा कर रही है और जल्द ही इस पर कोई अंतिम फैसला लिया जाएगा।