चंडीगढ़. डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की फिल्म 'एमएसजी- द मैसेंजर' शुक्रवार को चंडीगढ़ और हरियाणा के कई शहरों में रिलीज कर दी गई। चंडीगढ़ के सिनेमाघरों में सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात की गई है। जानकारी के अनुसार, खुफिया एजेंसियों ने सिनेमाघरों पर हमले की आशंका जताई है। वहीं, दिल्ली के सुभाष नगर और
जम्मू में फिल्म के विरोध में कुछ लोगों ने प्रदर्शन किया है। हरियाणा के रोहतक, सिरसा, करनाल और गुड़गांव में विरोध की खबरें भी सामने आ रही हैं। बवाल के बावजूद हरियाणा के कुछ थिएटर्स में अगले एक हफ्ते के लिए सभी शो बुक हो चुके हैं।
हरियाणा में भी विरोध शुरू
हरियाणा में एक ओर डेरा समर्थक फिल्म की रिलीज को लेकर उत्साहित हैं, तो वहीं दूसरी ओर सिरसा में इसका विरोध शुरू हो गया है। इंडियन नेशनल लोकदल के समर्थक फिल्म के प्रदर्शन को रोकना चाहते हैं। इसके कारण यहां बड़ी संख्या में पुलिसबल तैनात किया गया है। गुड़गांव में भी इनेलो फिल्म के प्रदर्शन का विरोध कर रही है। पहले यह फिल्म सिरसा के तीन थिएटर्स में रिलीज की जाने वाली थी, लेकिन बाद में इसे दो थिएटर्स में ही रिलीज किया गया। करनाल में सिनेमाघर मालिक फिल्म को रिलीज करने से कतरा रहे हैं।
3000 स्क्रीन्स पर रिलीज
‘एमएसजी’ को देशभर के 3000 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया है। हालांकि, सिख संगठनों के विरोध के कारण इस फिल्म को पंजाब में रिलीज नहीं किया जा रहा है। हरियाणा में हाई अलर्ट जारी किया है, तो कुछ अति संवेदनशील जिलों में धारा 144 लागू कर दी गई है। सिनेमाघरों की सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए आर्म्ड बटालियन को भी लगाया गया है। केंद्र से पैरा मिलिट्री फोर्स की तीन कंपनियां और मांगी गई हैं। हरियाणा के डीजीपी यशपाल सिंघल ने प्रदेशवासियों से शांति-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
सीक्वल भी बनेगा
बता दें कि सिखों के विरोध के चलते ही फिल्म का नाम मैसेंजर ऑफ गॉड से बदलकर मैसेंजर किया है। सिखों का आरोप है कि जिस व्यक्ति पर रेप और मर्डर जैसे आरोप हों, वह भगवान का दूत कैसे हो सकता है। इस आपत्ति के बाद ही फिल्म का नाम बदला गया है। दूसरी ओर, डेरा सच्चा सौदा ने कहा है कि वह इस फिल्म का दूसरा भाग यानी सीक्वल भी बनाएगा।
आगे देखें संबंधित फोटोज...
फोटो रविन्दर भाटिया...