चंडीगढ़। हरियाणा के गुड़गांव में 23 मार्च को भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहीदी दिवस पर ‘भारत केसरी कुश्ती दंगल’ का आयोजन करवाया जाएगा। इसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा। हरियाणा के खेल मंत्री अनिल विज ने मंगलवार को यहां कुश्ती से जुड़े विख्यात खिलाड़ियों तथा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में यह जानकारी दी। बैठक में विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. के.के. खंडेलवाल, डायरेक्टर जयदीप सिंह, साईं के रीजनल डायरेक्टर जोशी चौहान, कुश्ती प्रशिक्षक बृजभान,रामकरण ढ़ाका, पहलवान अजय, संजय, लाभ सिंह सहित देश व प्रदेश अनेक नामी अखाड़ों के पहलवान, कोच तथा विभाग के अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
खेल मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा इस प्रकार का आयोजन हर वर्ष करवाया जाएगा ताकि देश व प्रदेश में कुश्ती के प्रति उत्साह बना रह सके। इस आयोजन में न्यूनतम 17 वर्ष के खिलाड़ी भाग लेंगे, जिनका न्यूनतम भार 80 किलोग्राम हो सकेगा। इसमें ऑल इंडिया रेलवे, यूनिवर्सिटीज के खिलाड़ी, पुलिस विभाग, ऑल इंडिया सर्विसेज तथा विभिन्न प्रदेशों के राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ी भाग ले सकेंगे परन्तु उनकी भागेदारी व्यक्तिगत तौर पर मानी जाएगी। इस प्रतियोगिता का आयोजन ओलंपिक के नियमों के अनुसार किया जाएगा, जिससे प्रतियोगिता को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सकेगी।
इसके लिए 10 से 29 फरवरी तक आवेदन जमा करवाए जा सकेंगें। विज ने बताया कि ‘शहीदों की चिताओं पर लगेंगे, हर वर्ष मेले’। हमारी सरकार ने शहीदों को सम्मान देने के लिए ऐसे आयोजन करने का निर्णय लिया है। दुनिया में हरियाणा, कुश्ती का ऐसा हब है, जहां के अनेक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अमिट छाप छोड़ी है। इस आयोजन से देश व प्रदेश के कुश्ती खिलाड़ियों को न केवल आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा बल्कि हरियाणा में खेलों का माहौल भी तैयार होगा।