चंडीगढ़। हीरो प्रेाफेशनल गोल्फ टूर के चौथे लेग के पहले दिन आफशान फातिमा ने 70 का कार्ड खेलते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया है। वहीं चंडीगढ़ की गोल्फ सानिया शर्मा पहले दिन काेई कमाल नहीं कर सकीं और वे 11वें पायदान पर रहीं। वहीं दूसरे स्थान पर पंजाब के कपूरथला की गुरसिमर बढ़वाल रहीं। टॉलीगंज क्लब में खेले जा रहे इस टूर में 6 लाख रुपए की इनामी राशि दी जानी है। दिल्ली की अमेच्योर गोल्फर तविषा मलिक यहां 71 के कार्ड के साथ दूसरे स्थान पर रही। इस लेग में कुल 18 गोल्फर्स खिताब के लिए संघर्ष कर रही हैं।
जयपुर की प्रोफेशनल गोल्फर ने पहला नाइन बोगी फ्री खेला और नौवें होल पर उन्होंंने बर्डी लगाई। उन्होंने दूसरे नाइन में दो शॉट्स ड्रॉप भी किए और 18वें होल पर उन्हें बर्डी मिली।
पंजाबी गोल्फर गुरसिमर बढ़वाल ने यहां फ्रंट नाइन में तीन बर्डी जड़ी लेकिन छठे और सातवें होल पर ड्रॉप शॉट ने उनका स्कोर खराब कर दिया। इसके बाद 12वें और 14वें होल पर उन्होंने फिर से बर्डी लगाई। उनके साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर रही तविषा मलिक ने अमेच्योर गोल्फर्स को टक्कर दी। उन्होंने यहां 71 का कार्ड खेला। वहीं कोलकाता की नेहा त्रिपाठी और एनआरआई गोल्फर किरण मठारू ने यहां 72 का कार्ड खेला और वे संयुक्त चौथे स्थान पर रहे। लोकल गोल्फर ने यहां काफी अच्छे शॉट्स खेले लेकिन वे इसे बरकरार नहीं रख सके।
वहीं कोलकाता की स्मृति मेहरा और दिल्ली की अंकिता, मेहर और महक 74 के कार्ड के साथ संयुक्त छठे पायदान पर रही जबकि जयपुर की पल्लवी जैन को 75 अंक के साथ दसवां स्थान मिला। पुणे की श्वेता गलांदे और चंडीगढ़ की सानिया 76 के कार्ड के साथ 11वें पायदान पर रहीं।