चंडीगढ़। युवा भारतीय शूटर ने वो कर दिखाया है जिसकी उम्मीद नहीं थी। भारत के राकेश मनपत ने दो आेलंपिक चैंपियन को हेग में हो रही इंटर शूट चैंपियनशिप में मात देकर गोल्ड मेडल हासिल किया। उन्होंने ये तब किया जब वे अपने पसंदीदा इवेंट में नहीं खेल रहे थे। राइफल प्रोण स्पेशलिस्ट ने यहां बीजिंग ओलंपिक के चैंपियन अभिनव बिंद्रा को और मौजूदा ओलंपिक विजेता रोमानिया के एलिन जॉर्ज को शिकस्त दी। उन्होंने इस कामयाबी के बाद कहा कि मैं सिर्फ अपनी जिंक्स के सहारे जीता हूं और उसे कोई हरा नहीं सकता। मैं बहुत खुश हूं क्योंकि मैंने दोनों ही बड़े खिलाड़ियों को हराया है। फाइनल में मुकाबला बेहद कड़ा था। सभी खिलाड़ी एक एक अंक की बढ़त के साथ खेल रहे थे। मैंने यहां पर शुरुआत में कुछ गलतियां की थी, लेकिन मैं जल्द ही मुकाबले में लौटने में कामयाब रहा। बिंदा काफी तेजी से शूट कर रहे थे और दूसरे निशानेबाजों पर प्रेशर बढ़ता जा रहा था। मैं ये बात जानता था और मैंने भी प्रेशर कम करने के लिए ऐसा ही किया। राकेश ने कहा कि ये खिताब मेरे लिए बोनस है। मैं यहां पर अपने वेपन से शूट नहीं कर रहा था। ये शूटिंग क्लब का वेपन था।