चंडीगढ़। चंडीगढ़ लॉन टेनिस एसोसिएशन के स्टार ट्रेनी रिशभ शारदा ने देहरादून में शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 हजार इनामी राशि वाले मेंस टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया है। रिशभ ने यहां पर मैत्रियो भगत को फाइनल में 6-4, 1-6, 6-4 से हराकर खिताब पर कब्जा किया। मुंबई के टेनिस खिलाड़ी के साथ रिशभ का मुकाबला आसान नहीं था। फाइनल मैच में रिशभ ने अच्छी शुरुआत की और लगातार अंक हासिल करने शुरू किया। भगत ने यहां पर उन्हें टक्कर भी दी और दोनों के बीच स्कोर एक समय 4-4 से बराबर हो गया। इसके बाद शारदा ने गलती नहीं की और 6-4 से पहला सेट अपने नाम कर लिया।
इसके बाद दूसरे सेट में रिशभ थोड़े कमजोर दिखाई दिए जिसका भगत ने पूरा फायदा उठाया। रिशभ को इस सेट में एकतरफा अंदाज के बाद 1-6 से हार का सामना करना पड़ा। तीसरे और अंतिम सेट में रिशभ ने एक बार फिर से वापसी की और भगत के शॉट्स का पूरा जवाब दिया। रिशभ ने दूसरे सेट की गलतियों से सीख लेते हुए 6-4 से जीत दर्ज की अौर खिताब पर कब्जा कर लिया।