चंडीगढ़। एसीजी-एनबीए जंप जूनियर बास्केटबॉलर सर्च प्रोग्राम के फाइनल के लिए 32 प्लेयर्स फाइनल कर लिए गए हैं। अब ये 32 खिलाड़ी एक पड़ाव दूर हैं एनबीए डी-लीग नेशनल ट्राय आउट से। ये लीग अमेरिका में होगा। 32 खिलाड़ियों के बीच जंग 22 से 25 फरवरी को होगी। इसके लिए 6 रीजन में सर्च प्रोग्राम हुआ था जिसमें हैदराबाद, लुधियाना, दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता शामिल थे। इन सभी का अब नाेएडा में चार दिन का कैंप होगा जिसके बाद खिलाड़ी मुकाबला करेंगे। सतनाम सिंह ऐसी ही लीग की देन हैं जो इस समय एनबीए में खेल रहे हैं। उन्होंने अक्टूबर में इसकी शुरुआत की थी।
एनबीए इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर यानिक कोलाको ने कहा कि एसीजी-एनबीए ने देश के युवाओं को बास्केटबॉल के साथ जोड़ने का काम किया है और अब वे प्रोफेशनल बनने की ओर बढ़ रहे हैं। हम आने वाले समय में इस प्रोग्राम को और एडवांस करेंगे।
इसमें चुने गए खिलाड़ियों में लुधियाना के 6 स्टार्स शामिल हैं । इसमें दिलदार रविंदर सिंह, जयपाल सिंह, अनमोल गुरदीप सिंह, मनजिंदर सिंह, अनमोलदीप और राजवीर सिंह शामिल हैं। वहीं दिल्ली के दर्शन, हिमांशु, पालप्रीत सिंह, अर्शप्रीत, सुनील, तुषार, विशाल कुमार, आकिमप्रीत, रचित प्रेम सिंह शामिल हैं। हैदराबाद के अंबाती, दिनेश, ईश्वर व साई कुमार इसमें हैं जबकि मुंबई के लवनीत सिंह, सैमसन संधू, गौरव चंदेल, संकेत और प्रणव को इसमें जगह दी गई है। चेन्नई के जीवीनंनथम, अर्जुन और ए.सूर्य, एस. विग्नेश व विजय प्रणव इसमें खेलेंगे जबकि कोलकाता के ऐलेन साजू, सागर दिनेश जोशी और मनप्रीत सिंह ग्रेवाल इसमें शामिल होंगे।