पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • हरियाणा में बिजली व्यवस्था ठप, 32 बिजली कर्मियों के खिलाफ मामले दर्ज

हरियाणा में बिजली व्यवस्था ठप, 32 बिजली कर्मियों के खिलाफ मामले दर्ज

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

चण्डीगढ़। हरियाणा में हड़ताल के चलते बिजली आपूर्ति को बाधित करने वाले कर्मियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। प्रदेश में ऐसे 32 कर्मियों के विरूद्ध मामले दर्ज किए गए हैं। उधर दूसरी ओर दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम और उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधीक्षण अभियंताओं को अतिरिक्त अनुबंध आधारित बिजली कर्मी रखने के लिए अधिकृत कर दिया है। वे आज दोपहर तक हड़ताल पर गए अनुबंधित कर्मियों की कुल संख्या का २५ प्रतिशत तक रख सकते हैं। इससे ज्यादा आवश्यकता होने पर सम्बन्धित निदेशक की अनुमति लेनी होगी। विभिन्न सर्कलों में हड़ताली कर्मियों के वापिस काम पर आने की सूचनाएं मिल रही हैं।


निगमों के प्रवक्ता ने आज यह जानकारी देते हुए बताया कि आज सुबह अधीक्षण अभियंताओं के कार्यालयों में सहायक लाईनमैन के पद के योग्य युवकों की लाईनें लगी हुई थी। इस पद के लिए औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों से दसवीं सहित इलैक्ट्रिशियन, इलैक्ट्रोनिक्स या वायरमैन व्यवसाय में दो साल का कोर्स किए हुए अथवा व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थानों से लाईनमैन या इलैक्ट्रिशियन कोर्स के उत्तीर्ण छात्र अपने क्षेत्र के अधीक्षण अभियंता से संपर्क कर सकते हैं। प्रवक्ता ने बताया कि निगमों को अतिरिक्त अनुबंधित कर्मियों की आवश्यकता हो सकती है।
प्रवक्ता ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात कार्य कर बिजली आपूर्ति बहाल करने का भरसक प्रयास कर रहे हैं। प्रदेश के बड़े भाग में बिजली आपूर्ति बहाल करने में सफल रहे हैं और प्रदेश में बिजली आपूर्ति की स्थिति में काफी सुधार आया है।