पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • चंडीगढ़ लोक सभा सीट से कांग्रेस की टिकट के लिए छह दावेदार

चंडीगढ़ लोक सभा सीट से कांग्रेस की टिकट के लिए छह दावेदार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

चंडीगढ़। कांग्रेस की लोकसभा टिकट के लिए चंडीगढ़ से छह दावेदार हो गए है। सांसद पवन कुमार बंसल सहित पांच अन्य लोगों ने टिकट के लिए आवेदन किया है। टिकट के लिए आवेदन करने वालों में पार्टी के पूर्व महासचिव एवं वाइस प्रेसिडेंट तथा एआईसीसी के मैंबर रहे चंद्रमुखी शर्मा, यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई के प्रेसिडेंट रहे हरमोहिंदर सिंह लक्की, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर भूपिंदर सिंह बड़हेड़ी, एडवोकेट चमन लाल शर्मा और कांग्रेस के ही एक अन्य वर्कर केवल राम शामिल है। बुधवार की शाम 4 बजे तक टिकट के लिए आवेदन करने का समय था।


लक्की अपने सौ से अधिक समर्थकों के साथ कांग्रेस भवन में टिकट के लिए फार्म भरने पहुंचे। लक्की के साथ कांग्रेस के सीनियर नेता एवं विनोद शर्मा के करीबी समझे जाने वाले प्रिंसिपल गुरबचन सिंह तथा पीयू स्टूडेंट काउंसिल के प्रेसिडेंट रहे भूपिंदर सिंह भूप्पी भी थे। टिकट के लिए आवेदन करने वालों ने चंडीगढ़ कांग्रेस प्रेसिडेंट बी बी बहल को अपने फार्म सौंपे। जिस समय लक्की फार्म भरने के लिए आए उस समय कांग्रेस भवन में कोई नहीं था। लक्की को आधे घंटे तक अपने समर्थकों सहित बी बी बहल का इंतजार करना पड़ा। लक्की ने कांग्रेस भवन में ही अपने समर्थकों को संबोधित किया।


चंडीगढ़ कांग्रेस के इतिहास में पहली बार इतने अधिक लोगों ने टिकट के लिए आवेदन किया है। पिछले 15 सालों से चंडीगढ़ कांग्रेस पार्टी सिर्फ पवन कुमार बंसल का नाम ही टिकट के लिए प्रस्तावित करके भेज रही थी। बड़हेड़ी के अनुसार लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सबको अपनी बात रखने और टिकट की मांग करने का हक है।