पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • राष्ट्रपति डा. प्रणब मुखर्जी के मप्र प्रवास की तैयारियों की शासन ने समीक्षा की

राष्ट्रपति डा. प्रणब मुखर्जी के मप्र प्रवास की तैयारियों की शासन ने समीक्षा की

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

भोपाल । राष्ट्रपति डा. प्रणब मुखर्जी 6 से 8 जून तीन दिवसीय यात्रा पर मध्यप्रदेश आएंगे। राष्ट्रपति भोपाल सहित जबलपुर, झोतेश्वर (नरसिंहपुर), इंदौर, ग्वालियर एवं अमरकंटक (अनूपपुर) में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। मुख्य सचिव आर परशुराम ने आज मंत्रालय में राष्ट्रपति के भ्रमण की प्रारंभिक तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। मंत्रालय सभाकक्ष में हुई बैठक में राष्ट्रपति महोदय के आगमन, प्रस्थान, विभिन्न कार्यक्रमों के स्वरूप, आमंत्रित अतिथियों एवं अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में विचार-विमर्श किया गया।


राष्ट्रपति के प्रवास को लेकर अपर मुख्य सचिव गृह आईएस दाणी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है । दाणी भारत सरकार के मंत्रालयों सहित राजभवन, मुख्यमंत्री कार्यालय, सभी संबंधित संभागायुक्तों और कलेक्टरों के साथ समन्वय करेंगे।


मुख्य सचिव ने आज संपन्न बैठक में भोपाल जिला प्रशासन के साथ ही पुलिस महानिदेशक नंदन दुबे एवं संबंधित विभाग प्रमुखों के साथ राष्ट्रपति की यात्रा के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया। मुख्य सचिव ने सभी कार्यक्रमों का आयोजन पूर्ण गरिमा एवं निर्धारित मानकों के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


मुख्य सचिव ने प्रमुख रुप से कार्यक्रमों की रूपरेखा की जानकारी ली और राष्ट्रपति महोदय सहित विशिष्ट व्यक्तियों के लिए मंच एवं बैठक व्यवस्था, विमानतलों एवं हेलीपेड पर स्वागतकर्ताओं के निर्धारण, आवश्यक विद्युत, चिकित्सा, पार्किंग और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की । बैठक में राज्य सरकार के संबंधित विभागों के अलावा बीएसएनएल, इंडियन ऑयल कार्पोरेशन आदि उपक्रमों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।