पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कार्यक्रम के बाद पुलिस ने किया रिहा, चार घंटे तक अस्थायी अभिरक्षा में रखा

कार्यक्रम के बाद पुलिस ने किया रिहा, चार घंटे तक अस्थायी अभिरक्षा में रखा

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

भोपाल/रायसेन। रायसेन जिसे के उदयपुरा में आयोजित जिला स्तरीय अंत्योदय मेले में आमंत्रित न किए जाने तथा आमंत्रण पत्र में अपने नाम का उल्लेख न होने से नाराज विधायक भगवानसिंह राजपूत ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का विरोध किया। अपना विरोध जताने के लिए वे मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने अपने कार्यकर्ताओं के साथ काले कपड़े पहनकर निकले। रास्ते में ही पुलिस ने सबको गिरफ्तार कर लिया।

कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तार विधायक को एक अस्थायी जेल बनाकर स्थानीय एग्रो भवन में लगभग 4 घंटे तक रखा गया। गिरफ्तारी के समय नाराज विधायक के ज्ञापन को कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंचाया गया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद ही इन्हें रिहा किया गया। बाद में अतिरिक्त एसपी मुकेश वैश्य ने विधायक के पास पहुंचकर क्षमा याचना भी की।

मेरा अपमान यानी जनता का अपमान: भास्कर से चर्चा में श्री राजपूत ने कहा कि जिस सदन के मुख्यमंत्री नेता हैं उसी सदन का मैं भी एक सदस्य हूं। मेरे ही विधानसभा क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक को न बुलाना प्रोटोकाल का उल्लंघन है एवं जनता से चुने हुए विधायक को न बुलाना जनता का अपमान है।

जनता के इसी अपमान से मुख्यमंत्री को अवगत कराने और ज्ञापन देने के लिए हम कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय उत्कृष्ठ विद्यालय में आयोजित अंत्योदय मेले में जा रहे थे लेकिन पुलिस ने स्थानीय एग्रो भवन में निकलने से पूर्व ही हमें गिरफ्तार कर लिया।