पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • तीसरी रेलवे लाइन: पटरियां जोडऩे का कार्य 15 से होगा

तीसरी रेलवे लाइन: पटरियां जोडऩे का कार्य 15 से होगा

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

भोपाल। हबीबगंज से बीना के बीच बिछाई जा रही करीब 145 किमी लंबी तीसरी रेलवे लाइन का एक सेक्शन जुलाई के पहले सप्ताह में शुरू हो सकता है। बरेठ से पवई तक के इस करीब 20 किमी लंबे सेक्शन को कमिश्नर रेलवे सेफ्टी (सीआरएस) की मंजूरी मिलने के बाद अब पटरी जोडऩे (इंटर लॉकिंग) का कार्य 15 मई से शुरू हो रहा है।

इंटर लॉकिंग कार्य की शुरुआत सबसे पहले पवई स्टेशन से होगी। यहां पर करीब 12 दिन में यह कार्य पूरा किया जाएगा। इसी तरह गंजबासौदा और बरेठ स्टेशनों पर भी करीब-करीब इतने ही समय में यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद बरेठ से पवई तक तीसरी रेलवे लाइन पर ट्रेन दौडऩे लगेगी।

फिलहाल स्पीड 110: शुरुआत में तीसरी रेलवे लाइन के इस सेक्शन की स्पीड 110 किमी प्रति घंटा ही रखी जाएगी। इसका मुख्य कारण नजदीक के ट्रैक की स्पीड भी इतनी ही होना बताया जा रहा है। जब एक साथ एक ही दिशा में दो रेलवे ट्रैक होते हैं तो दोनों की स्पीड को बराबर रखा जाता है। इसलिए फिलहाल स्पीड को 110 तक ही सीमित रखा जाएगा।

फिर गुलाबगंज-पवई सेक्शन: रेल सूत्रों के अनुसार जुलाई में बरेठ-बासौदा सेक्शन के शुरू होते ही गुलाबगंज स्टेशन पर इंटर लॉकिंग का कार्य शुरू किया जाएगा। इससे 12 किमी का एक सेक्शन और शुरू हो जाएगा। हालांकि भोपाल सेक्शन के अंतर्गत आने वाला सूखी सेवनिया-दीवानगंज स्टेशनों पर भी इंटर लॉकिंग का कार्य इस दौरान पूरा किए जाने की संभावना है।