पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभोपाल । अध्यापक संवर्ग के लिए लागू की गई अंशदायी पेंशन योजना के लिए अध्यापकों से एक बार फिर यूनिक कोड सहित फार्म मांगे गए हैं। इन्हे प्रान फार्म नाम दिया गया है। इनमें गलत जानकारी होने पर अध्यापकों को पेंशन योजना से हाथ धोना पड़ सकता है। लोक शिक्षण संचालनालय का कहना है कि अधिकतर अध्यापकों ने एक से ज्यादा बार यह फार्म भरकर भेज दिए हैं, जिससे डुप्लीकेट की समस्या आ रही है।
आयुक्त एसके पॉल ने इस संबंध में सभी संभागीय संयुक्त संचालकों, जिला शिक्षा अधिकारियों से कहा है कि वे अपने-अपने संभाग व जिलों के अध्यापकों के यह फार्म तत्काल संचालनालय को उपलब्ध करवाएं। एक पत्र में श्री पॉल ने कहा है कि कई अध्यापकों ने इस फार्म में निर्धारित स्थान से बाहर अपने फोटो चस्पा कर दिए हैं। इस कारण भी खासी दिक्कत हो रही है। अध्यापक इस संबंध में एजुकेशन पोर्टल पर दिए गए निर्देश पत्र को ध्यान से देखकर ही फार्म भरें।
बॉक्स में लगाएं अंगूठा: इसी तरह कई अध्यापकों ने फोटो के नीचे बॉक्स में अपने हस्ताक्षर के साथ अंगूठा भी लगा दिया है, जिससे फार्म को स्केन करने में समस्या हो रही है। इसलिए कई फार्म वेबसाइट पर निरस्त कर दिए गए हैं। अध्यापक अब अपना फार्म भेजते वक्त फोटो के नीचे ही निर्धारित स्थान पर अपना अंगूठा लगाएं और काली स्याही से हस्ताक्षर करें। बॉक्स के बाहर हस्ताक्षर करने पर फार्म अस्वीकृत कर दिया जाएगा।
पिता का नाम लिखें: इसके अलावा महिला व पुरुष अध्यापक अपने पिता के नाम की एंट्री करें। विवाहित महिला अध्यापकों को भी उनके पिता के नाम की एंट्री करना होगी। वे अपने पति का नाम इस स्थान पर न लिखें।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.