पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • भोज रजिस्ट्रार के खिलाफ बीयू कर्मचारी लामबंद

भोज रजिस्ट्रार के खिलाफ बीयू कर्मचारी लामबंद

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

भोपाल। बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के डिप्टी रजिस्ट्रार डॉ. आरके चौहान और भोज मुक्त विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. बी भारती के बीच गत दिवस हुई मारपीट का मामला तूल पकडऩे लगा है। इस घटना के बाद बीयू के कर्मचारी डॉ. चौहान के पक्ष में भोज विवि रजिस्ट्रार के खिलाफ लामबंद हो गए हैं। कर्मचारियों ने कुलपति से डॉ. भारती से विवि परिसर स्थित आवास तत्काल खाली करवाने के आदेश जारी करने की मांग की है। कर्मचारियों ने इस घटना पर नाराजगी जताई है।

गौरतलब है कि पदोन्नति मामले को लेकर सोमवार को बीयू के डिप्टी रजिस्ट्रार डॉ. आरके चौहान और भोज मुक्त विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. बी भारती के बीच मारपीट हो गई थी। दोनों ही अधिकारियों ने बागसेवनिया थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। मंगलवार को बागसेवनिया पुलिस ने दोनों अधिकारियों के बयान दर्ज किए। इस घटना को लेकर बीयू में खासी हलचल है।


डॉ. चौहान ने इस मामले को लेकर अपनी शिकायत लिखित में कुलपति प्रो. निशा दुबे को सौंपी है। वहीं बरकतउल्ला विवि गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुधीर ठाकरे ने भी कुलपति को ज्ञापन सौंपकर डॉ. भारती को तत्काल विवि कैंपस का आवंटित आवास खाली करने के आदेश जारी करने की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि जब भारती को भोज विवि में पदस्थ किया जा चुका है, तो उनसे बीयू परिसर में आवंटित मकान खाली क्यों नहीं कराया जा रहा है। उधर रजिस्ट्रार एलएस सोलंकी ने भी इस मामले में नियम के अनुसार कार्रवाई की बात कही है। उनका कहना है कि जिन अधिकारियों का तबादला हो गया है उनसे मकान खाली करने के लिए सर्कुलर जारी किया जाएगा।