पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभोपाल। गणतंत्र दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश के सभी जिलों में स्वराज संस्थान संचालनालय की ओर से देश का प्रतिष्ठापूर्ण आयोजन भारत पर्व आयोजित किया जाता है। इस बार भी सभी जिला मुख्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें लोकनृत्य, लोकगीत, बैले, कवि सम्मेलन, आजादी के तराने, कव्वाली आदि शामिल हैं। यह बात गुरुवार को स्वराज संस्थान संचालनालय के संचालक श्रीराम तिवारी ने भारत पर्व के बारे में जानकारी देते हुए कही।
उन्होंने बताया कि 26 जनवरी को प्रत्येक जिले में यह समारोह आयोजित होता है, जिसका समन्वय संस्कृति विभाग के लिए जिला प्रशासन द्वारा किया जा रहा है। भारत पर्व एक प्रतिष्ठित कार्यक्रम श्रृंखला है जिसे विगत वर्षों में पूरे मध्यप्रदेश में बड़ी पहचान मिली है। इस बार भी इस समारोह के अंतर्गत सुनिश्चित कार्यक्रमों में 48 लोकनृत्य, 26 लोकगीत, 13 आजादी के तराने, 7 कवि सम्मेलन, 3 कव्वाली एवं 3 बैले परफार्मेंस भी शामिल हैं।
भारत पर्व के माध्यम से प्रदेश की शीर्ष और सक्रिय सांस्कृतिक संस्थाओं एवं कलाकारों को अवसर दिए जाते हैं। इस समारोह के पीछे उद्देश्य यही है कि समूचे मध्यप्रदेश के संभागों, जिलों में राज्य के सांस्कृतिक वैभव एवं उत्कृष्ट सृजन की सहभागिता सुनिश्चित हो। इस दृष्टि से चरणजीत सिंह, जबलपुर, अभय मांडके इंदौर, आकृति मेहरा भोपाल, विनिता तिवारी इंदौर एवं अभिलाषा म्यूजिकल ग्रुप इंदौर द्वारा आजादी के तरानों की प्रस्तुतियां की जाएंगी। साथ ही उर्मिला पाण्डेय छतरपुर, पूर्णिमा चतुर्वेदी भोपाल, मानसिंह भौंदिया देवास, संतोष तिवारी, रीवा एवं शिव भाई गुप्ता, खरगोन आदि कलाकार लोकगीतों की प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा रंग श्री लिटिल बैले ट्रुप, भोपाल, मण्डप सांस्कृतिक कला केन्द्र रीवा एवं राखी दुबे, भोपाल द्वारा नृत्य बैले की प्रस्तुतियां की जाएंगी।
भारत पर्व में मध्यप्रदेश की आंचलिक संस्कृति को दृष्टिगत रखते हुए अंचल के लोकनृत्य कलाकारों की सहभागिता भी विगत वर्षों की तरह उसी महत्व के साथ की गई है। इसके अंतर्गत अर्जुन सिंह धुर्वे, डिण्डौरी, मुकेश शाक्य, कटनी, पहारू सिंह मरावी, डिण्डोरी, इंद्र पाण्डे, जबलपुर, श्री तिमान सिंह उमरिया, भददूसिंह उकडिय़ा, डिण्डोरी एवं चुन्नीलाल रायकवार, सागर आदि लोक कलाकार समूहों की भागीदारी हो रही है।
भारत पर्व स्वराज संस्थान संचालनालय का विगत 6 वर्षों से निरंतर आयोजित होने वाला प्रदेशव्यापी सांस्कृतिक पर्व है। यह समारोह का सातवां वर्ष है जिसमें प्रस्तुतियों के साथ-साथ जनसंपर्क विभाग के सहयोग से राज्य की विकास यात्रा पर प्रदर्शनियां भी आयोजित की जा रही हैं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.