पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में सीमेंट कांक्रीट की 14 किलोमीटर लंबी रोड बनेंगी

गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में सीमेंट कांक्रीट की 14 किलोमीटर लंबी रोड बनेंगी

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

भेल क्षेत्र की कई समस्याएं हल होने जा रही हैं। गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र सहित पूरे भेल क्षेत्र में रुके हुए विकास कार्य कहीं शुरू हो चुके हैं और कहीं शुरू होने वाले हैं।



भोपाल। सड़कों की दुर्दशा से जूझ रहे पूरे भेल क्षेत्र के लोगों के लिए यह राहत की बात है कि करीब 50 करोड़ रुपए की लागत से सड़क निर्माण और डामरीकरण के काम शुरू हो रहे हैं। इसमें सबसे प्रमुख गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में सीमेंट कांक्रीट सड़क व नालियों का निर्माण है, जहां पिछले 5 साल से सड़कों की दुर्दशा के कारण उद्योगपति काफी परेशान थे। यह काम 36 करोड़ रुपए की लागत से एकेवीएन द्वारा करवाया जा रहा है। औद्योगिक क्षेत्र में 14 किलोमीटर लंबी सड़क बनेंगी। पहले चरण में आई और एच सेक्टर में काम शुरू होगा। वहीं साकेत नगर व एम्स रोड से बरखेड़ा पठानी और बरखेड़ा होते हुए नए बायपास तक नई बनी फोरलेन सड़क के अधूरे कामों को पूरा करने का काम भी शुरू हो गया है।



औद्योगिक क्षेत्र में सबसे ज्यादा सड़कों की हालत एच और आई सेक्टर की है। यहां गड्ढों के कारण छोटे व भारी वाहन भी नहीं निकल पा रहे थे। इन दोनों सेक्टर में मुख्य मार्ग के साथ ही अंदर के भी मार्ग बनेंगे। इन मार्ग पर पानी भरने की भी लगातार शिकायत आ रही थी, इसलिए सड़क के साथ नालियों का भी निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा करीब ढाई करोड़ रुपए की लागत से पहले ही अन्य सभी सेक्टर में गड्ढे भरने और सड़कों को सुधारने का काम शुरू हो चुका है।


अयोध्या नगर में भी डामरीकरण
नगर निगम को हस्तांतरित होने के बाद नगर निगम ने पहली बार अयोध्या नगर में भी डामरीकरण शुरू किया है। इस क्षेत्र के सभी सेक्टर में डामरीकरण होना है। यहां चौराहे का सौंदर्यीकरण व नाली बनाने का काम भी शुरू हो रहा है। अयोध्या नगर में करीब 6 करोड़ रुपए की लागत से विकास कार्य शुरू होना है। पेंच वर्क से डामरीकरण का काम शुरू किया गया है।


नर्मदा जल या केबल के लिए खोदी गई सड़कों भी सुधरने लगीं
पूरे भेल क्षेत्र में नर्मदा जल या केबल के लिए पिछले एक साल में खोदी गई सड़कों को सुधारने का काम भी नगर निगम ने शुरू कर दिया है। सड़क के दोनों तरफ डामरीकरण किया जा रहा है। सोनागिरी सहित कई प्रमुख चौराहों पर टाइल्स भी लगाई जा रही हैं। साकेत नगर, अरबिंद विहार, बाग मुगालिया, बाग सेवनियां में भी सड़क सुधारने का काम शुरू कर दिया गया है।


नई फोरलेन को पूरा करने के लिए पुलियों का निर्माण शुरू
डीआरएम आफिस से बरखेड़ा होते हुए पटेल नगर नए बायपास तक बन रही फोरलेन सड़क के बीच में पुलिया न बनने से ट्रैफिक शुरू नहीं हो पा रहा थ। साकेत नगर 4 बी सेक्टर के पास से निकल रहे नाले पर प्रस्तावित पुलिया के निर्माण का काम भी इस हफ्ते शुरू हो गया। इससे होशंगाबाद रोड सीधे नए बायपास तक आसानी से पहुंचा जा सकता है। करीब ढाई करोड़ रुपए की लागत से इस पुलिया का निर्माण हो रहा है। वहीं आरआरएल से एम्स व बरखेड़ा पठानी होते हुए नए बायपास तक बन रही फोरलेन के बीच में बजरंग मार्केट के पास रुका हुआ सड़क का काम भी शुरू हो गया। यहां एमजीएम स्कूल के पास बनने वाली पुलिया का निर्माण बरसात से पहले पूरा हो जाएगा।

टाउनशिप में साढ़े 9 करोड़ से सड़कें बनना शुरू
भेल टाउनशिप में 9.50 करोड़ रुपए की लागत से सड़कों डामरीकरण होने लगा है। पहले चरण में पिपलानी व बरखेड़ा की सड़कें बनाई जा रही हैं। इसके अलावा महात्मा गांधी चौराहे से कॅरियर कॉलेज तक, महात्मा गांधी चौराहे से पिपलानी पेट्रोल पंप तक डामरीकरण हो रहा है। पिपलानी पेट्रोल पंप से कल्चरल हाल गेट क्रमांक चार तक व यहां से पिपलानी गुरुद्वारे तक की सड़कों पर डामरीकरण हो रहा है। इस बार सड़क सुधारने के लिए उन सेक्टरों के अंदर की सड़कों को शामिल किया गया है, जहां आबादी ज्यादा है।