पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंराज्य स्तरीय पायका हाकी में हारी हुई टीम के खिलाडिय़ों की भरमार, चैंपियन भोपाल टीम से एक भी खिलाड़ी नहीं।
भोपाल। भोपाल के अंडर-16 हाकी खिलाड़ी संभाग स्तरीय पायका खिताब जीतने के बावजूद भोपाल संभाग टीम से बेदखल कर दिए गए। जबकि फाइनल में हारी हुई टीम बैतूल के खिलाडिय़ों की भरमार रही। भोपाल के खिलाडिय़ों का कसूर सिर्फ इतना था कि उनके कोच ने उन्हें ट्रायल्स में हिस्सा नहीं लेने दिया। क्योंकि कोच का तर्क था कि टीम जब संभाग स्तरीय टूर्नामेंट चैंपियन बन चुकी है, तो उसके करीब छह-सात खिलाड़ी स्वत: ही राज्य स्तरीय टीम में चुने जाने चाहिए।
जबकि उपविजेता टीम से पांच व शेष खिलाड़ी अन्य टीमों से चुने जाए जिन्होंने अपनी-अपनी टीम से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। नियम भी यही कहता है। लेकिन चयन समिति ने दूसरा तरीका अपनाते हुए सभी टीमों से 30 खिलाड़ी शार्टलिस्ट किए और उनमें से टीम चुन ली।
कोच- और चयन समिति की टसन में नुकसान खिलाडिय़ों को
भोपाल टीम के कोच साजिद नूर हैं। जबकि चयन समिति के सदस्य लोकेंद्र शर्मा और हबीब हसन थे। इनमें चयन को लेकर तीखी बहस हुई। और बात यहां तक आ गई कि क्यों न खिलाडिय़ों की क्षमता जानने के लिए 100 मीटर की दौड़ आयोजित कर ली जाए, जो खिलाड़ी जीतेंगे वह टीम में चुन लिए जाएंगे। बस इसी बात का लेकर भोपाल के खिलाड़ी ट्रायल से हट गए। इधर चयन समिति ने मौजूद खिलाडिय़ों में से टीम चुन दी। चयनित टीम पिछले दिनों सीहोर में आयोजित राज्य स्तरीय पायका हाकी प्रतियोगिता लेकर लौट आई। इधर भोपाल के खिलाड़ी मन मसौस कर घर बैठे रहे।
यह हैं खिलाड़ी
पीयूष पवार, प्रियांशु पवार, पिंटू उइके, आदित्य शुक्ला, अनुराग मिश्रा,आयुष पेठे, प्रेमशंकर नागले सभी बैतूल, सुंदरम राजपूत गीत सिंह हरदा, जुबेर खान, चंचल गायकवाड़, नरेश राठी, पवित्र दुबे सभी होशंगाबाद राहुल डागोर शुभम मारन रायसेन।
खिलाडिय़ों को ट्रायल में हिस्सा लेना था, लेकिन कोई ट्रायल में नहीं आया। हमने दूसरे दिन भी भोपाल के खिलाडिय़ों को इंतजार किया, लेकिन उनके कोच ने खिलाडिय़ों को ट्रायल से हटा लिया। इसमें चयन समिति का कोई दोष नहीं।
हबीब हसन, सदस्य चयन समिति
ट्रायल की जरूरत ही नहीं थी। जब भोपाल टीम संभाग स्तरीय टूर्नामेंट में चैंपियन थी तो उसके सात खिलाड़ी अपने आप राज्य स्तरीय टूर्नामेंट के लिए भोपाल संभाग टीम में चुने जाने चाहिए थे। लेकिन चयन समिति ने ट्रायल आयोजित कर भोपाल के खिलाडिय़ों को जानबूझ कर टीम से बाहर किया।
साजिद नूर, कोच भोपाल टीम
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.