भोपाल। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यालय में जिला नरसिंहपुर के चांवर पाठा क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता सरोज विश्वकर्मा का अपने दायित्वों के उत्कृष्ट निर्वहन के लिए सम्मान किया गया। सरोज को स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव प्रवीर कृष्ण ने स्वास्थ्य आयुक्त पंकज अग्रवाल और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्यप्रदेश की मिशन संचालक डॉ. एम. गीता की उपस्थिति में सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि इसी माह सीहोर जिले की अर्चना वर्मा, शीला शर्मा, अर्चना धाकड़ और शोभा गहलोत ने अपने कार्यक्षेत्र में जन-स्वास्थ्य स्तर में सुधार के लिए अपनी भूमिका से प्रोत्साहन राशि प्राप्त की थी। आशा कार्यकत्र्ता के रूप में सरोज विश्वकर्मा ने एक माह में 28 हजार 150 रुपए की प्रोत्साहन राशि प्राप्त की है। प्रमुख सचिव प्रवीर कृष्ण ने कहा कि सरोज विश्वकर्मा का कार्य प्रदेश की अन्य आशा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी है।
माह दिसंबर 2013 में सुश्री सरोज ने 13 महिलाओं की प्रसव पूर्व पूर्ण जांच सुनिश्चित करवाई तथा 8 महिलाओं का संस्थागत प्रसव प्रेरक के रूप में करवाया। उन्होंने 20 नवजात शिशुओं की गृह आधारित देखभाल, 6 महिलाओं की एच.आई.वी. जांच करवाई तथा 22 महिलाओं को परिवार कल्याण सेवाओं से जोड़ा। प्रथम वर्ष में 19 बच्चों को पूर्ण टीकाकरण तथा द्वितीय वर्ष में 10 बच्चों का पूर्ण टीकाकारण सुनिश्चित करवाने एवं 7 ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस आयोजन जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर सरोज विश्वकर्मा राज्य स्तर पर सम्मान की पात्र बनी हैं।
प्रदेश में मातृ स्वास्थ्य, शिशु स्वास्थ्य, परिवार कल्याण और बीमारी नियंत्रण से संबंधित 16 महत्वपूर्ण सेवाओं की उपलब्धता की गारंटी प्रदेश की विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं तथा ग्राम आरोग्य केंद्रों में सुनिश्चित की गई है। इन सेवाओं के लिए स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं की जवाबदेही तय की जा रही है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले सेवा प्रदाताओं को पुरस्कृत करने का भी प्रावधान विभाग की 100 दिवसीय कार्य-योजना में किया गया है। इसके लिए हेल्थ मॉनीटरिंग व्यवस्था के अंतगज़्त मापदंड निर्धारित किए गए हैं।