पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • एग्जाम के लिए जगह का टोटा, बीयू ने एक महीने में रद्द किए 70 पेपर

एग्जाम के लिए जगह का टोटा, बीयू ने एक महीने में रद्द किए 70 पेपर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

बरकतउल्ला विश्वविद्यालय को कॉलेजों में जगह की कमी के कारण बार-बार पेपर स्थगित करने पड़ रहे हैं। इसी महीने विवि अलग-अलग तिथियों में सर्कुलर जारी कर 70 से ज्यादा पेपर स्थगित कर चुका है। बार-बार परीक्षा तिथि बदलने के कारण स्नातक तीसरे और पांचवे सेमेस्टर की परीक्षाएं फरवरी माह के आखिरी सप्ताह तक चली गई हैं।



भोपाल। परीक्षाओं की तिथियों में होने वाले बदलाव को लेकर छात्रों ने विवि में शिकायतें दर्ज करानी शुरू कर दी है। वहीं बीडीएस छात्रों ने भी विवि से परीक्षा कराने की मांग की है। विवि द्वारा बीए व बीएससी तृतीय सेमेस्टर की 11, 15 और 17 जनवरी को होने वाले पेपर की तारीखों में संशोधन के बाद 23, 24 व 25 जनवरी के पेपर की भी तिथियों में संशोधन किया जा चुका है। इससे पहले विवि 8 जनवरी से शुरू होने वाली ड्यूल डिग्री प्रोग्राम एमएएम की भी परीक्षा स्थगित कर चुका है।



इस परीक्षा का नया टाइम टेबल अभी तक जारी नहीं किया गया है। बताया जाता है कि विवि द्वारा तीसरे और पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाओं के टाइम टेबल में बार-बार बदलाव करने से करीब 60 हजार छात्रों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

सितंबर की परीक्षा अभी तक नहीं हुई
उधर डेंटल कॉलेजों के छात्रों ने बीडीएस परीक्षा कराने की मांग को लेकर एक ज्ञापन रजिस्ट्रार को सौंपा है। छात्रों के अनुसार बीडीएस की जो परीक्षाएं सितंबर 2013 में होनी थीं, वो अभी तक आयोजित नहीं की गई है। छात्रों का कहना है कि यदि परीक्षा आयोजित करने में देरी होती है तो वर्ष 2015 में उन्हें नौकरी के लिए आवेदन करने में मुश्किल आ जाएगी।


सूत्रों के मुताबिक परीक्षाओं की तारीख में बार-बार संशोधन की वजह कॉलेजों में परीक्षा आयोजन के लिए जगह की कमी होना सामने आया है। कॉलेजों से इस संबंध में बार-बार शिकायतें आ रही है। हालांकि गोपनीय शाखा के डिप्टी रजिस्ट्रार वीके सिंह का कहना है कि कॉलेजों में स्थान की कमी को लेकर आ रही समस्या दूर कर ली गई है। अभी केवल एटीकेटी के ही छात्रों की परीक्षाएं स्थगित की गई थी। उन्होंने इसके बाद किसी भी विषय के पेपर स्थगित नहीं किए जाने की बात कही है।