पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभोपाल। प्रतिबंधित संगठन इंडियन मुजाहिदीन और सिमी के सक्रिय सदस्य अबु फैजल और उसके 11 साथियों की मंगलवार को पुलिस रिमांड समाप्त होने पर एंटी टेररिस्ट स्कवाड (एटीएस) ने कड़ी सुरक्षा के बीच भोपाल की जिला अदालत में पेश किया। सीजेएम पंकज सिंह माहेश्वरी ने सभी आरोपियों को 11 फरवरी तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
प्रतिबंधित संगठन के सक्रिय सदस्य अबु फैजल (मुंबई), इरफान नागौरी (महिदपुर), खालिद अहमद (शोलापुर), सादिक बहाव (शोलापुर), उमेर हफीज (शोलापुर), जावेद नागौरी (उज्जैन), अब्दुल अजीज (उज्जैन), मोहम्मद आदिल (उज्जैन), अब्दुल वहीद (उज्जैन), इरफान (शोलापुर), इस्माइल (शोलापुर) और अमान (उज्जैन) को एटीएस ने 28 जनवरी तक पुलिस रिमांड पर लिया था।
पूछताछ के दौरान एटीएस और केंद्रीय जांच एजेंसियों को आरोपियों के आतंकवादी संगठन अल कायदा से संबंधों और केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे, गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी, दिल्ली स्थित अमेरिका एवं पाकिस्तान के दूतावास को उड़ाने जैसे मंसूबों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी हाथ लगी है। एटीएस ने तीन महीने पहले 30 सितंबर और 1 अक्टूबर की रात खंडवा जेल से अपने पांच साथियों के साथ फरार हुए अबु फैजल, इरफान नागौरी और खालिद अहमद को 23-24 दिसंबर की रात सेंधवा के देहात क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। इसके बाद एटीएस ने एक के बाद एक अबु फैजल के नौ साथियों को उज्जैन और शोलापुर से गिरफ्तार किया। जिनके पास से भारी मात्रा में विस्फोटक और बम मिले थे। इनका एक साथी माजिद नागौरी 7 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर है। उसने कोर्ट में समर्पण किया था।
देखें कुछ तस्वीरें
फोटो : अनिल दीक्षित
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.