पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • लाइन में लगने से मिली छुट्टी

लाइन में लगने से मिली छुट्टी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भोपाल। सूचना प्रौद्योगिकी ने जिंदगी को कई अर्थ में बहुत आसान कर दिया है। साइबर ट्रेजरी का ही उदाहरण लें तो इससे टैक्स जमा करना कल्पना से भी ज्यादा सरल हो गया है। कर जमा करने के लिए संबंधित दफ्तर जाकर लाइन में खड़े रहने की दिक्कत खत्म हो गई। नगद रकम लेकर जाने से जुड़े खतरों से बचत हो जाती है। रात में या दिन में छुट्टी के दिन भी साइबर ट्रेजरी से टैक्स जमा किए जा सकते हैं। व्यापारी पहले कर जमा करने अपने कर्मचारियों को भेजते थे, जो अपनी सुविधानुसार इसे जमा करते थे, जिससे अनावश्यक देरी होती थी।

2007 में शुरू की गई थी सुविधा
इन्हीं खूबियों के चलते मध्य प्रदेश में साइबर ट्रेजरी की लोकप्रियता बहुत तेजी से बढ़ी है। साल 2007 में जब यह सुविधा शुरू की गई थी, तब इसमें लोगों की रुचि कम थी। उस वर्ष महज 24 हजार 477 ट्रांजेक्शन के जरिए केवल 16 करोड़ की रकम साइबर ट्रेजरी के जरिए जमा हुई थी। इसकी तुलना में साल 2013-14 में 25 लाख 77 हजार 903 ट्रांजेक्शन के जरिए 14 हजार 233 करोड़ की रकम जमा हुई है।

जमाकर्ता को तत्काल मिलेगी सेवा
शासकीय कर अथवा शुल्क ऑनलाइन जमा करने वालों के लिए अब साइबर ट्रेजरी की चालान संख्या तत्काल उपलब्ध होगी। अब जमा रकम की पुष्टि के लिए दो दिन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। यह सुविधा दो दिन पहले ही शुरू की गई है। इस सुविधा से टैक्स जमा करने वाला व्यक्ति जमा की गई राशि की कोषालयीन चालान संख्या सहित चालान घर बैठे प्रिंट कर सकेगा। प्रिंट-आउट संबंधित विभागीय अधिकारी को चालान के रूप में तत्काल पेश हो सकेगा। साथ ही जमाकर्ता को निर्धारित सेवा भी तत्काल मिल सकेगी। इस सुविधा की सबसे बड़ी खूबी यह है कि साइबर ट्रेजरी से कॉमन ई-चालान जोड़ा गया है। इससे सभी विभाग की राशि ऑनलाइन/रियल टाइम जमा की जा सकती है। इस सुविधा के शुरू होने से एमपी ऑनलाइन के कियास्क जैसे नागरिक सुविधा केन्द्र को साइबर ट्रेजरी से जोड़ा जा सकेगा। इससे जमाकर्ता कियोस्क पर जाकर शासन को देय राशि जमा कर सकेंगे।

ये बैंक है शामिल
वर्ष 2007 में जब साइबर ट्रेजरी सुविधा शुरू की गई थी, तब इससे सिर्फ एक बैंक जुड़ा था। अब इससे 10 बैंक जुड़ गए हैं। इनमें स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक, यूको बैंक, विजया बैंक, इलाहाबाद बैंक, एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक शामिल हैं।


साइबर ट्रेजरी में जमा करने की प्रक्रिया
जमाकर्ता वेबसाइट http://www.mptreasury.org/ पर जाकर इसमें साइबर ट्रेजरी का चयन करेगा। इसमें संबंधित विभाग चुनेगा, जिसमें उसे राशि जमा करना है या कॉमन ई-चालान का चयन करेगा। इसके बाद वह अपना नाम, पता, विभाग की संख्या जैसे पंजीयन संख्या, अवधि, दिनांक, उद्देश्य, लेखा शीर्ष और राशि आदि का विवरण भरेगा। विवरण में वह अपना ई-मेल आईडी देगा, जिस पर उसे राशि के संबंध में जानकारी मिलेगी। फिर उस बैंक का चयन करेगा, जिसमें उसका खाता है। बैंक साइट पर जाकर लॉग इन पास वर्ड भरकर अपने खाते से भुगतान करेगा। भुगतान होते ही कम्प्यूटर स्क्रीन तत्काल साइबर ट्रेजरी की साइट पर वापस आएगी, जहां से जमाकर्ता चालान की रसीद प्राप्त करेगा।
अगर आपके पास भी है कोई जानकारी/खबर या फोटो तो हमें वाट्सएप नंबर 8462002585 पर शेयर करें अथवा मेल करें bplhyper@gmail.com।