(PIC: थाने में बैठे सोबरन और गब्बर।)
मप्र के दमोह जिले में पारदी समाज की महापंचायत के सामने हत्या के प्रयास के दो युवकों की कराई गई थी खौलते तेल से कंकड़ बीनने की परीक्षा। पुलिस के दखल के बाद मुखिया से लेकर पंच सभी हुए भूमिगत।
भोपाल। बुंदेलखंड के दमोह शहर की सीमा से लगे किल्लाई गांव की पारदी समाज की बस्ती में गुरुवार की सुबह दो युवकों के गर्म तेल से खौलती कढ़ाही में हाथ डलवाए जाने के बाद अब महापंचायत ने दोनों पर 20 लाख रुपए का दंड किया है।
महापंचायत ने मारपीट का शिकार इनकार पारदी को 20 लाख रुपए चुकाने का फरमान सुनाया है। इस बीच गांव में पुलिस के पहुंच जाने पर समाज के मुखिया और पंच भूमिगत हो गए हैं। गुरुवार की अंधविश्वास से भरी परीक्षा के बाद पारदी समाज के मुखिया ने शुक्रवार की रात आरोपी शोबरन और गब्बर पादरी के हाथों में जलने के फफोले देखे। इसके बाद मुखिया बेला पारदी और पंच नहलाद ने सभी के सामने दोनों पर 20 लाख रुपए का जुर्माना किया। जुर्माना की राशि जबलपुर में इलाज करा रहे इनकार पारदी को देने के लिए कहा गया। जुर्माना नहीं चुकाने पर समाज से बहिष्कृत करने का निर्णय सुनाया गया।
दहशत में आरोपी युवक...
शोबरन और गब्बर ने बताया कि पंचायत ने उन्हें जो दंड दिया है, उसकी भरपाई वे किसी भी तरह नहीं कर सकते हैं। उधर पंचायत के फरमान के बाद शनिवार की सुबह देहात थाना पुलिस ने किल्लाई गांव पहुंचकर इस मामले में कारवाई शुरू कर दी। पुलिस को महापंचायत के मुखिया और पंच तो नहीं मिले, लेकिन कढ़ाही में हाथ डालकर अग्नि परीक्षा देने वाले शोबरन और गब्बर मिल गए, जिन्हें पुलिस अपने साथ थाना ले आई। अब पुलिस पंचायत लगाने वालों की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि शोबरन और गब्बर की रिपोर्ट पर मुखिया और पंचों पर मामला दर्ज किया जाएगा।
क्या था मामला
किल्लाई गांव में करीब एक महीने पहले पारदी समाज के यहां एक बारात आई थी। उस बारात में आए इनकार पारदी नाम के व्यक्ति का विवाद गांव के शोबरन पारदी और गब्बर पारदी से हो गया था। मारपीट में इनकार पारदी गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसे मरणासन्न हालत में जबलपुर रैफर किया गया था। तब से वह जबलपुर में ही इलाज करा रहा है। उसके इलाज पर करीब दो लाख रुपए से ज्यादा खर्च हो गए और उसकी हालत अब भी ठीक है।
यह मामला हत्या के प्रयास का था। दमोह पुलिस ने आरोपियों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करके उन्हें जेल भेज दिय था। दो दिन पहले ही आरोपी जेल से जमानत पर रिहा हुए थे। आरोपियों के जेल से बाहर आते ही इस मामले में जब पारदी समाज की पंचायत के मुखिया बाला पारदी ने छतरपुर, पन्ना, दमोह और जबलपुर जिलों से अपने समाज के प्रमुख लोगों की महापंचायत बुलाकर गुरुवार की सुबह गांव के बाहर अमाटा पहाड़ी पर अग्नि परीक्षा कराई। एक लीटर तेल से भरी कढ़ाही को आग पर रखकर तेल को खौलाया गया आैर खोलते तेल में कंकड़ डालकर बारी-बारी से दोनों आरोपित युवक शोबरन और गब्बर पारदी से कंकड़ निकलवाए गए। तेल में हाथ डालने के बाद दोनों के दाएं हाथों में फफोले पड़ गए हैं।
अगर आपके पास भी है कोई जानकारी/खबर या फोटो तो हमें वाट्सएप नंबर 8462002585 पर शेयर करें अथवा मेल करें bplhyper@gmail.com।