भोपाल। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अशोक यादव ने कृषि महोत्सव, फसल बीमा, किसानों और खेती को लेकर प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे झूठे प्रचार-प्रसार व किसानों की चिंता को सरकारी झूठ का पुलिंदा व ढकोसला बताया है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का किसान ऐतिहासिक रूप से आर्थिक दुर्दशा का शिकार है।
किसान आत्महत्या करने को मजबूर है जबकि प्रदेश सरकार कृषि महोत्सव के आयोजन की औपचारिकता कर रही है और किसानों के फसल बीमा के हक को उपलब्धि बताकर प्रचारित कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान खरीफ फसलों की तबाही को देखते हुए सरकारी बयानों और औपचारिकता की नहीं बल्कि तत्काल आर्थिक सहायता दिए जाने की जरूरत है।
अशोक यादव ने जारी बयान में कहा कि प्रदेश के 30 जिलों में सामान्य से कम वर्षा होने से खरीफ सोयाबीन, उड़द, मूंग व धान की 50 प्रतिशत फसलें बर्बाद हो चुकी हैं और किसान परेशान है। सरकार को तत्काल किसानों को राहत देने के लिए फसल नुकसान का आकलन कराकर मुआवजा वितरित करना चाहिए। प्रदेश सरकार 1 साल में लगभग 12 हजार करोड़ की सब्सिडी किसानों को देने की बात कर वाहवाही लूट रही है। लेकिन, विगत वर्षों में फसल बर्बादी के मुआवजे को लेकर किसान आज भी भटक रहे हैं।
अगर आपके पास भी है कोई जानकारी/खबर या फोटो तो हमें वाट्सएप नंबर 8462002585 पर शेयर करें अथवा मेल करें bplhyper@gmail.com।