भोपाल। राजधानी में स्थित कई बड़े शिक्षण संस्थानों ने छात्र शिकायत निवारण सेल का गठन नहीं किया है। यूजीसी ने इसके गठन के लिए 14 जुलाई को सर्कुलर जारी किया था। उन्हें दस दिन में यह काम करना था। यूजीसी ने अब पांच दिन में यह काम करने का अल्टीमेटम दिया है।
इन यूनिवर्सिटी को किया गया था शामिल
सेल का गठन न करने वालों में आरजीपीवी, भोज ओपन यूनिवर्सिटी, एनएलआईयू, मैनिट, बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी, अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी यूनिवर्सिटी और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार यूनिवर्सिटी शामिल हैं। इनके साथ ही प्रदेश के दो दर्जन से ज्यादा शिक्षण संस्थानों ने न तो छात्र शिकायत निवारण सेल का गठन किया है और न ही इसके लिए किसी नोडल अधिकारी की नियुक्ति की है।
नोडल अधिकारी करेंगे मॉनीटरिंग
यूजीसी द्वारा ऑनलाइन छात्र शिकायत निवारण पोर्टल शुरू किया जा रहा है। यूनिवर्सिटी और कॉलेजों के छात्र इस पोर्टल के माध्यम से अपनी समस्याओं को लेकर सीधे यूजीसी से ऑनलाइन शिकायत कर सकेंगे। इनमें एडमिशन में गड़बड़ी, परीक्षा और रिजल्ट में देरी, रैगिंग, प्रताड़ना सहित अन्य शिकायतें शामिल हैं। इनकी मॉनीटरिंग नोडल अधिकारी द्वारा लगातार की जाएगी। नोडल अधिकारी का काम यूनिवर्सिटी के साथ ही संबद्ध कॉलेजों की गतिविधियों पर भी नजर रखना है।
यूनिवर्सिटी ने सेल के लिए डीन स्टूडेंट वेलफेयर को नोडल अधिकारी बना दिया है। इसकी सूचना यूजीसी को भेजी जा रही है।
प्रो.पीयूष त्रिवेदी, कुलपति, आरजीपीवी
हमारे यहां फिलहाल अधिकारियों की कमी है। सेल के नोडल अधिकारी के नाम पर विचार किया जा रहा है। इस संबंध में जल्द ही यूजीसी को सूचित कर दिया जाएगा।
डॉ. तारिक जफर, कुलपति, भोज ओपन यूनिवर्सिटी
छात्रों की शिकायत और समस्याएं सुनने का काम विवि के डीन स्टूडेंट वेलफेयर का है। सेल की जिम्मेदारी इसी विभाग को सौंपने की तैयारी की जा रही है।
डॉ.एलएस सोलंकी, रजिस्ट्रार, बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी
जिन्होंने नहीं किया पालन, उनमें समस्याएं हैं और शिकायतें भी
- बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी में पिछले काफी समय से अनेक परीक्षाओं और उनके रिजल्ट में देरी की बात सामने अा रही है।
- आरजीपीवी से संबद्ध एलएनसीटी में हाल ही में छात्रा से छेड़खानी का मामला सामने आया था। ओरिएंटल इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी में करीब 25 छात्रों द्वारा रैगिंग लेने के मामले की जांच यूनिवर्सिटी सहित पुलिस भी कर रही है।
- नेशनल लॉ इंस्टीट्यूट यूनिवर्सिटी का यह शिक्षण सत्र शुरू होने के पहले ही दिन एक अभिभावक ने अपने बेटे के साथ रैगिंग होने का आरोप लगाया था।
- भोज यूनिवर्सिटी द्वारा हाल ही में दी गई 91 पीएचडी डिग्रियों की वैधता का मामला अब तक उलझा हुआ है।
- मैनिट में हाल ही में रैगिंग के कई मामले सामने आए हैं। इसके अलावा वहां एक छात्रा की जबरदस्ती मांग भरी गई। एक छात्रा के लिए फेसबुक पर अश्लील कमेंट किए गए। दोनों मामले अब तक जांच में हैं।
- माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी में हाल ही में दो छात्रों ने रैगिंग का आरोप लगाया है।
अगर आपके पास भी है कोई जानकारी/खबर या फोटो तो हमें वाट्सएप नंबर 8462002585 पर शेयर करें अथवा मेल करें bplhyper@gmail.com।