गौर
गृह मंत्री बाबूलाल गौर ने सोमवार को शक्ति नगर सेक्टर क्षेत्र में रहने वाले अय्यर परिवार से उनके घर जाकर मुलाकात की। इस दौरान गौर ने उनके निवास पर हुई घटना की विस्तृत जानकारी भी ली। गृह मंत्री गौर ने अय्यर परिवार के घर में घुसे बदमाश से संघर्ष करने के लिए पूरे परिवार द्वारा दिखाए गए साहस की प्रशंसा की। इस घटना के परिप्रेक्ष्य में उन्होंने शक्तिनगर सहित अन्य थाना क्षेत्रों में पुलिस कर्मियों को मुस्तैद रहने और असामाजिक तत्वों की धरपकड़ तेज करने के निर्देश दिए। गृह मंत्री ने दोनों साहसी बेटियों और अय्यर परिवार के सभी सदस्यों को पुरस्कृत करने की घोषणा करते हुए एसपी दक्षिण भोपाल अंशुमान सिंह को निर्देश दिए।
गौर ने सतीश अय्यर और परिवार की दो बेटियों अक्षिता और श्रेया की बहादुरी की प्रशंसा की जिन्होंने रविवार को उनके घर में घुसकर लूट का प्रयास करने वाले बदमाश को खदेड़कर भगा दिया। इस दौरान संघर्ष में रमेश अय्यर घायल भी हो गए। सतीश के बड़े भाई रमेश अय्यर पर बदमाश ने चाकू से हमला किया जिसका प्रतिरोध अय्यर की बेटी श्रेया ने किया। श्रेया ने बदमाश की डंडे से पिटाई की थी। पूरे परिवार को इकट्ठा देख बदमाश भाग निकला। श्रेया ने हमले के कारण पीड़ा से कराह रहे पिता को जब अधिक खून बहने की स्थिति में देखा तो तत्काल उन्हें दोपहिया वाहन से ले जाकर अस्पताल में भर्ती भी कराया था।