भोपाल। मुख्यमंत्री
शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि किसानों के हक में फसल बीमा योजना में और सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए केन्द्र सरकार से भी बातचीत चल रही है। उन्होंने यह बातें बुधवार को सीहोर जिले के नसरूल्लागंज में फसल बीमा योजना में बीमा राशि के प्रमाण-पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने करीब 50 किसान को प्रतीक स्वरूप प्रमाण-पत्र वितरित किए। सीहोर जिले में 296 करोड़ 50 लाख के प्रमाण-पत्र किसानों को दिए जाएंगे। इतिहास में पहली बार प्रदेश में 34 जिले में 14 लाख 20 हजार 602 किसान को 2,167 करोड़ 43 लाख की दावा राशि के प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि देश में पहली बार मध्य प्रदेश ने वर्ष 2013-14 में किसानों को राज्य के संसाधनों से ओला-पाला राहत, समर्थन मूल्य पर बोनस और विभिन्न किस्म की सब्सिडी के रूप में डेढ करोड़ से अधिक किसान को 12 हजार 345 करोड़ की राशि वितरित की थी। यह राशि अधिकांश किसानों के बेंक खाते में सीधे जमा हुई।
20 सितंबर तक होगा प्रमाण-पत्र वितरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुधवार से फसल बीमा योजना में समारोह पूर्वक किसानों को बीमा योजना का लाभ देने की शुरूआत कर दी गई है। यह प्रक्रिया 20 सितंबर तक चलेगी। किसानों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेती को लाभ का व्यवसाय बनाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके चलते ही 25 सितंबर से 20 अक्टूबर तक प्रदेश में कृषि महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान किसानों को विभिन्न योजना के लाभ देने के साथ-साथ कृषि आधुनिक तकनीकों से अवगत करवाया जाएगा। किसान तीर्थ योजना में चयनित किसानों को ले जाकर खेती के उन्नत तरीके सिखाए जाएंगे।
प्रदेश में कृषि उपकरणों पर वेट कर समाप्त
सीएम ने किसानों से फूलों एवं फलों का उत्पादन बढ़ाने और खेती की नई तकनीकें अपनाने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि खेती में उपयोग किये जाने वाले उपकरणों पर वेट समाप्त कर दिया गया है, आगे और भी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि खेती की व्यवस्था में आमूलचूल बदलाव लाकर उसे अधिक से अधिक लाभकारी बनाया जा रहा है। उन्होंने किसानों को इस कार्य में सक्रिय योगदान करने की शपथ भी दिलाई। इस मौके पर जिले के प्रभारी मंत्री रामपाल सिंह ने कहा कि किसानों के लिए लागू की गई योजनाओं की देश-विदेश में चर्चा हो रही है। कार्यक्रम को स्थानीय नेता गुरूप्रसाद शर्मा ने भी सम्बोधित किया।
जिले के 9 नगरीय निकाय के लिये 9 करोड़ की राशि मंजूर
मुख्यमंत्री ने जिले के 9 नगरीय निकाय में विकास कार्यों के लिए एक-एक करोड़ की राशि मंजूर करने की घोषणा की। कार्यक्रम में मार्कफेड अध्यक्ष रमाकांत भार्गव, विधायक
रणवीर सिंह गुणवान, जिला पंचायत अध्यक्ष धर्मेन्द्र चौहान, रघुनाथ सिंह भाटी तथा अन्य जन-प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित थे।