पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • मैनिट के १४०० छात्रों के सामने पढ़ाई का संकट

मैनिट के १४०० छात्रों के सामने पढ़ाई का संकट

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(DEMO PIC)
भोपाल। मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (मैनिट) के करीब 1400 छात्रों के सामने बीच सत्र में पढ़ाई छोड़ने की नौबत आ गई है। मैनिट ने अन्य राज्यों से यहां पढ़ने अाए आरक्षित वर्ग के छात्रों की स्कॉलरशिप समय पर नहीं आने के कारण उनसे एडमिशन के दौरान एेन वक्त पर ट्यूशन फीस जमा करा ली है। साथ ही मानव संसाधन विकास मंत्रालय (एमएचआरडी) द्वारा इस वर्ग के छात्रों की फीस में वृद्धि नहीं करने के बावजूद इनसे बढ़ी हुई फीस वसूली जा रही है।

छात्रों ने इसे एमएचआरडी द्वारा लागू नियम के विरुद्ध लिया गया फैसला बताया है। छात्रों द्वारा आंदोलन की चेतावनी देने के बाद अब मैनिट प्रबंधन इस मामले को बोर्ड अॉफ गवर्नर (बीओजी) की बैठक में रखने जा रहा है।

मीडिया से चर्चा में छात्रों ने बताया कि इस साल बीटेक, एमटेक और पीएचडी में देश भर से आरक्षित वर्ग के करीब 1400 छात्रों ने एडमिशन लिया है। नियम के अनुसार इस वर्ग के छात्रों की ट्यूशन फीस सौ फीसदी माफ रहती है। जिन राज्यों से यह छात्र यहां पढ़ने आते हैं उन्हें उनके राज्य की ओर से स्कॉलरशिप मिलती है।
यह स्कॉलरशिप सीधे छात्र के अकाउंट में आती है, जहां से राशि सीधे संस्थान में ट्रांसफर हो जाती है। लेकिन इस साल एडमिशन लेने के बाद जब दो महीने तक स्काॅलरशिप नहीं आई, तो मैनिट ने इन छात्रों को तत्काल फीस जमा करने का फरमान जारी कर दिया। फीस जमा नहीं करने पर इन छात्रों के एडमिशन तक निरस्त करने की बात कही गई। ऐसे में छात्रों को अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए जैसे-तैसे कर छात्रों फीस जुटानी पड़ी। राजस्थान के एक गांव से आए छात्र प्रमोद कुमार ने बताया कि उसकी फीस पूरे गांव ने मिलकर भरी है। यही स्थिति उत्तर प्रदेश से आए छात्र आकाश प्रकाश की भी रही है।

29 सितंबर तक का दिया अल्टीमेटम
छात्रों के अनुसार मैनिट प्रबंधन को एमएचआरडी के नियम के बारे में काफी पहले से बताया जा रहा है लेकिन उनकी बात नहीं सुनी जा रही है। छात्रों को मजबूरी में अब जागो भारत संगठन के अंतर्गत आंदोलन की तैयारी करनी पड़ रही है। छात्रों का कहना है कि यदि 29 सितंबर तक प्रबंधन अपनी स्थिति साफ नहीं करता है, तो छात्र अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे। वहीं मैनिट डायरेक्टर का कहना है कि इस मामले की अभी स्टडी की जा रही है। पूरा प्रकरण बीओजी की बैठक में रखा जाएगा। उसी के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अगर आपके पास भी है कोई जानकारी/खबर या फोटो तो हमें वाट्सएप नंबर 8462002585 पर शेयर करें अथवा मेल करें bplhyper@gmail.com।