भोपाल। भोपाल नगर निगम के अतिक्रमण विरोधी अमले के अधिकारी से परेशान एक युवक शनिवार की शाम आत्महत्या के लिए ज्योति टॉकीज चौराहे पर लगे टॉवर पर चढ़ गया। युवक को टॉवर पर चढ़ा देख अफरा-तफरी मच गई। उसे नीचे उतारने के लिए लोगों ने तमाम जतन किए। बाद में उसकी पत्नी आैर बहन मौके पर पहुंचे। इस बीच फायर ब्रिगेड का अमला बचाव कार्य के लिए पहुंच गया था। टॉवर पर चढ़े युवक को देख लोगों ने अपने वाहन रास्ते में ही रोक दिए। इस कारण वहां एक घंटे से ज्यादा समय तक जाम के हालत बने रहे। नगर निगम परिषद अध्यक्ष कैलाश मिश्रा ने मौके पर आश्वासन दिया है कि अतिक्रमण अधिकारी को निलंबित किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक शनिवार की शाम पुलिस के टॉवर पर एक युवक को चढ़ा देख वहां लोगों की भीड़ लग गई। युवक टॉवर के सबसे ऊपरी हिस्से पर चढ़कर बैठा था। तुरंत पुलिस आैर फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। इस बीच लोगों ने टॉवर को घेर लिया। लोग अपने-अपने तरीके से युवक पर दबाव बनाने लगे कि वह नीचे उतर आए। पुलिस आैर फायर ब्रिगेड के अधिकारी भी कोशिश में जुट गए। इक बीच युवक की पत्नी आैर बहन भी मौके पर पहुंची। दोनों ने तमाम मिन्नतें की। जैसे-तैसे वह नीचे उतर ही रहा था कि तभी कुछ लोगों ने टॉवर पर चढ़कर उससे उतारने की कोशिश की। तभी वह वापस ऊपर लौट गया।
परिषद अध्यक्ष कैलाश मिश्रा ने जब उसे आश्वासन दिया कि उसकी जो भी परेशानी है उसे दूर किया जाएगा। करीब डेढ़ घंटे बाद नीचे उतरा युवक 34 वर्षीय संतोष सैनी विकास नगर बस्ती का रहने वाला है। वह रचना नगर अंडरब्रिज के पास बेल्ट आैर चश्मे का ठेला लगाता है। उसने बताया कि नगर निगम के अधिकारी सुभाष बाथम से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया था। उसका कहना है कि सुभाष बाथम अड़ी डालकर उससे रुपए वसूलता है। वह महीने के महीने रुपए देने का दबाव बना रहा था।
शनिवार को जब मैंने विरोध किया तो वह मेरा ठेला उठाकर ले गया। संतोष का कहना है कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह परिवार के साथ आत्मदाह कर लेगा। टावर पर चढ़ने आैर उतरने के कारण उसके पैर लहूलुहान हो गए थे। पुलिस संतोष पर आत्महत्या के प्रयास का मामला दर्ज करना चाहती थी, लेकिन अध्यक्ष कैलाश मिश्रा के अनुरोध पर पुलिस ने उसे छोड़ दिया। अध्यक्ष मिश्रा का कहना है कि संतोष की पीड़ा खुद उन्होंने सुनी है। परिषद की बैठक में अतिक्रमण विरोधी अमले के प्रभारी सुभाष बाथम को सस्पेंड किया जाएगा।
अगली स्लाइड्स पर देखें तस्वीरें ....
फोटो - अनिल दीक्षित।
अगर आपके पास भी है कोई जानकारी/खबर या फोटो तो हमें वाट्सएप नंबर 8462002585 पर शेयर करें अथवा मेल करें bplhyper@gmail.com।