कार्यक्रम में बोलते हुए श्री सोलंकी ने कहा कि, हमने जिस उम्मीद के साथ आपको(
शिवराज सिंह) मुख्यमंत्री बनाया, आपने शत प्रतिशत से ज्यादा करके दिखाया।
यह भी बोले सोलंकी...
श्री सोलंकी ने अभिनंदन समारोह को आशीर्वाद समारोह बताते हुए कहा कि जब व्यक्ति के जीवन और भूमिका में परिवर्तन होता है तो आशीर्वाद की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि जीवन में विरोधाभासों और विषमताओं से घबराने की नहीं उन्हें परास्त करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि संकल्प, समर्पण, सक्रियता, स्व-अनुशासन ही सफलता के चार प्रमुख तत्व है। उन्होंने कहा कि उद्देश्य के बिना जीवन अर्थहीन है।
मुख्यमंत्री ने कहा...
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने श्री कप्तान सिंह को चमत्कारिक व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि वे जीवन के प्रति समदृष्टि और समभाव रखते हैं। उन्होंने पदों से कभी मोह नहीं रखा। एक कर्मयोगी की तरह अपने कर्त्तव्यों का पालन करते रहे और निरंतर कर रहे हैं। श्री चौहान ने कहा कि श्री सोलंकी ने राष्ट्रवादी मूल्यों का संचार करते हुए युवा राजनैतिक नेतृत्व तैयार किया और हमेशा रणनीतिकार और मार्गदर्शक की भूमिका में रहना पसंद किया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा...
सांसद और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने श्री सोलंकी के व्यक्तित्व और जीवन-दर्शन से जुड़े संस्मरणों का उल्लेख करते हुए कहा कि श्री सोलंकी पद को सुशोभित करने वाले गुणी व्यक्ति हैं। वे हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं के दिलों में बसते हैं।
इन्होंने भी रखी अपनी बात...
महापौर कृष्णा गौर ने कहा कि एकात्म मानववाद के दर्शन को सच्चे अर्थों में जीने वाले श्री कप्तान सिंह जी का व्यक्तित्व नई पीढ़ी के लिये प्रेरणा का अनन्य स्त्रोत है। श्रीमती गौर ने भावपूर्ण उदबोधन के साथ श्री सोलंकी के सम्मान में प्रशस्ति-वाचन किया। उन्होंने शॉल और श्रीफल से श्री कप्तान सिंह जी और उनकी धर्मपत्नी रानी सोलंकी का अभिनंदन किया।
यह थे मौजूद...
समारोह में केन्द्रीय इस्पात एवं खान मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, पूर्व मुख्यमंत्री द्वय सुन्दरलाल पटवा और कैलाश जोशी, तकनीकी शिक्षा मंत्री उमाशंकर गुप्ता, स्वास्थ्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा, जनसंपर्क मंत्री राजेन्द्र शुक्ला, पशुपालन मंत्री कुसुम महदेले, गृह मंत्री बाबूलाल गौर, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव, लोक निर्माण मंत्री सरताज सिंह, नर्मदा घाटी विकास राज्य मंत्री लाल सिंह आर्य, सांसद आलोक संजर, संगठन मंत्री अरविंद मेनन, विधायकगण, बड़ी संख्या में नागरिक बंधु और विशिष्ट व्यक्ति उपस्थित थे। शहर की विभिन्न संस्थाओं ने श्री सोलंकी का अभिनंदन किया।