साई सेंटर भोपाल में बना है ट्रैक, जल्द ही होगा उद्घाटन, नेशनल एथलेटिक्स आयोजित किए जाने का विचार, अब भोपाल को मिल सकेंगे नेशनल कैंप।
भोपाल। राजधानी भोपाल को एक और एथलेटिक्स ट्रैक की सौगात मिल गई है। करीब तीन करोड़ रुपए की लागत से साई रीजनल सेंटर में एथलेटिक्स ट्रैक तैयार हो गया है। यह प्रदेश का दूसरा एथलेटिक्स ट्रैक है। इससे पहले ऐसा ही ट्रैक तात्या टोपे स्टेडियम में बिछा हुआ है। इस तरह अब भोपाल में दो सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक हो गए हैं। इस ट्रैक का उद्घाटन जल्द ही होने जा रहा है। इसके बाद यहां पर देश भर के धुरंधर एथलीट अपने खेल कौशल को निखारेंगे।
साई रीजनल सेंटर ग्राम गोरा में क्रिकेट मैदान के बाजू में एथलेटिक्स ट्रैक तैयार किया गया है। इसके बीच के ग्रासी फील्ड का काम जोरों से चल रहा है। इसके १५ अक्टूबर तक तैयार होने की संभावना जताई जा रही है। उद्घाटन की तैयारी भी जोरों पर चल रही है। लेकिन खिलाड़ियों ने इस ट्रैक का उपयोग शुरू कर दिया है। अभी तक साई के एथलीट तात्या टोपे स्टेडियम में अभ्यास करने आया करते थे। अब वहीं पर यह सुविधा मिलने से कोच सहित सभी खिलाड़ी काफी खुश हैं।
हम एथलेटिक्स फेडरेशन से चर्चा कर हैं कि भोपाल को कोई नेशनल टूर्नामेंट आवंटित करें ताकि देश के सारे एथलीट यहां पर एक साथ जमा हो सके और ट्रैक का धमाकेदार उद्घाटन हो सके। ट्रैक तैयार होने से अब भोपाल में एथलेटिक्स का कैंप भी संभव हो सकेगा।
- राजिंदर सिंह, डायरेक्टर साई रीजनल सेंटर भोपाल
यहां यह है सुविधा :
- दो बहुउद्देशीय इंडोर हाल जिसमें कबड्डी, बास्केटबाॅल, वूशु, ताइक्वांडो, कराते, बॉक्सिंग, कुश्ती, वालीबाॅल, जूडो जैसे खेलों की सुविधाएं मौजूद हैं।
- एक क्रिकेट मैदान, साथ में तीन प्रैक्टिस विकेट।
- एक ग्रासी फुटबाॅल मैदान।
- दो हाॅकी टर्फ मैदान हालांकि एक टर्फ खराब हो चली है।
- अब एक एथलेटिक्स ट्रैक
- तीन वातानुकूलित हाॅस्टल जिसमें 750 खिलाड़ियों के एक साथ ठहरने की व्यवस्था।
अगर आपके पास भी है कोई जानकारी/खबर या फोटो तो हमें वाट्सएप नंबर 8462002585 पर शेयर करें अथवा मेल करें bplhyper@gmail.com।