भोपाल. सालभर के इंतजार के बाद अभिव्यक्ति गरबा महोत्सव में रास के लिए सिटी के गरबा लवर्स तैयार हैं। शुक्रवार को अभिव्यक्ति गरबा का भव्य आगाज होगा। भेल दशहरा मैदान पर रात 8 बजे महाआरती के साथ ही गरबा रास शुरू होगा। इस बार गरबा को डिफरेंट बनाते हुए इसे कठपुतली थीम दी गई है। अभिव्यक्ति गरबा का ये सफलतम 16वां वर्ष है। गुजरात के रंग मिलन ग्रुप के एक्सपर्ट्स के गाइडेंस में गरबा की फाइनल रिहर्सल के बाद भोपालवासी गरबा खेलने को तैयार हैं।
हेयर कट में "जय माता दी'
सिटी के गरबा लवर गिरीश इसरानी ने गरबा के लिए स्पेशल हेयर कट कराते हुए सिर में ‘जय माता दी’ लिखवाया है।
कठपुतली है थीम
इस बार गरबा की थीम कठपुतली है। राजस्थान की पारंपरिक व संस्कृति की पहचान माने जाने वाली लगभग 150 कठपुतलियों से पंडाल को सजाया गया है। इस थीम पर हजारों प्रतिभागी एक साथ डीजे की धुन और थाप पर थिरकेंगे। श्री कृष्णा ग्रुप के मेंबर्स का कहना है कि उनकी थीम अलग रहेगी। वे पहले दिन यहां ट्रेडिशनल थीम पर आएंगे।
कैंपस में एंट्री के लिए आईडी साथ लाएं
गरबा में सिक्योरिटी को ध्यान में रखते हुए एंट्री पासेस के साथ आईडी कार्ड भी लाना कम्पलसरी होगा। पांच दिनों तक आयोजित होने वाले इस भव्य महोत्सव में शुक्रवार को स्पेशल पासेस पर प्रवेश दिया जाएगा। वहीं, 27, 28 और 29 सितंबर को टिकट से प्रवेश होगा। गरबा महोत्सव के आखिरी दिन यानी 30 सितंबर को आमंत्रित अतिथियों के लिए प्रवेश होगा।