पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बीयू के छात्रों को जनसुनवाई पर नहीं भरोसा, सीएम हेल्पलाइन में कर रहे शिकायत

बीयू के छात्रों को जनसुनवाई पर नहीं भरोसा, सीएम हेल्पलाइन में कर रहे शिकायत

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(सीएम हेल्पलाइन का फाइल फोटो।)
भोपाल। बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी के स्तर पर समस्याओं का समाधान नहीं होने पर अब छात्र बड़ी संख्या में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में अपनी शिकायतें दर्ज कराने लगे हैं। बीते एक हफ्ते में ही छात्रों की शिकायतों से संबंधित एक दर्जन से ज्यादा मामले सीएम हेल्पलाइन पहुंचे हैं। पिछले दिनों कुछ छात्रों ने शिकायत की थी कि यूनिवर्सिटी की लेटलतीफी के कारण उनका कॅरियर दांव पर लग गया है। इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग ने बीयू से जवाब तलब किया है।
माइग्रेशन देने में हो रही है देरी
हाल ही में इंदौर की एक छात्रा ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत कर बीयू की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रा मीना दांगी का आरोप है कि विवि द्वारा माइग्रेशन देने में देरी करने के कारण इस साल उसका एडमिशन बीएड कोर्स में नहीं हो सका। इससे उसका कॅरियर दांव पर लग गया है। इसी तरह खिलचीपुर जिला राजगढ़ के एक छात्र आदित्य प्रताप सिंह का आरोप है कि सीसीई अंक में हुई गलती को ठीक करने में विवि के स्तर पर लेटलतीफी की जा रही है।

औपचारिक बनी विवि की जनसुनवाई
बताया जाता है कि उच्च शिक्षा मंत्री उमाशंकर गुप्ता की पहल पर विवि में हर मंगलवार को शुरू की गई जनसुनवाई केवल औपचारिक बनकर रह गई है। छात्र अपनी समस्या लेकर जनसुनवाई में पहुंचते तो हैं लेकिन आश्वासन के बावजूद उनकी समस्या को निराकरण समय पर नहीं हो रहा है। इसी से परेशान छात्र अब सीएम हेल्पलाइन में शिकायत करने लगे हैं।

बीयू चार चरणों में हल करेगा छात्रों की समस्या
उधर, छात्रों की लगातार बढ़ रही शिकायतों को देखते हुए अब बीयू सीएम हेल्पलाइन में आने वाली शिकायतों को अपने स्तर पर ही सुलझाने की तैयारी कर रहा है। शिकायतों के निवारण के लिए बीयू ने चार चरण बनाए हैं। पहले चरण में छात्र की समस्या का निराकरण असिस्टेंट रजिस्ट्रार के स्तर पर सात दिन में किया जाएगा। इस स्तर पर समस्या हल नहीं होने पर यह शिकायत दूसरे चरण में डिप्टी रजिस्ट्रार के पास पहुंच जाएगी। यहां भी अगर छात्र की समस्या हल नहीं होती है तो तीसरे चरण में रजिस्ट्रार छात्र की शिकायत सुनेंगे। रजिस्ट्रार स्तर पर भी समस्या का हल नहीं होने पर चौथे आैर आखिरी चरण में कुलपति छात्र की समस्या सुनेंगे। कुलपति के स्तर पर भी अगर छात्र को समस्या दूर नहीं होती है तो प्रकरण सीधे उच्च शिक्षा विभाग पहुंच जाएगा।
रजिस्ट्रार एलएस सोलंकी के अनुसार बीयू ने अपने स्तर पर सीएम हेल्पलाइन में जाने वाली शिकायतों का पता लगाने के लिए उच्च शिक्षा विभाग से यूजर आईडी और पासवर्ड मांगा है। बीयू प्रदेश का पहला विवि होगा जिसने यह पहल की है।
अगर आपके पास भी है कोई जानकारी/खबर या फोटो तो हमें वाट्सएप नंबर 8462002585 पर शेयर करें अथवा मेल करें bplhyper@gmail.com।