पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • भोज विवि से मिली पीएचडी को मान्य कराने के लिए रिसर्च स्कॉलर करेंगे आंदोलन

भोज विवि से मिली पीएचडी को मान्य कराने के लिए रिसर्च स्कॉलर करेंगे आंदोलन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भोपाल। भोज ओपन यूनिवर्सिटी की पीएचडी डिग्री की मान्यता को लेकर अभी तक स्थिति साफ नहीं करने पर रिसर्च स्कॉलर्स आंदोलन के मूड में आ गए हैं। यूनिवर्सिटी और राज्य शासन की ओर से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं आने पर रिसर्च स्कॉलर्स ने मध्य प्रदेश भोज मुक्त विश्वविद्यालय पीएचडी संघर्ष समिति का गठन कर लिया है। इस समिति की पहली बैठक में समिति सदस्यों ने पीएचडी की मान्यता को लेकर शासन के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का निर्णय लिया है। डिग्री की मान्यता को लेकर उठे विवाद पर रिसर्च स्कॉलर्स राज्यपाल से मिलने की तैयारी कर रहे हैं।

उच्च शिक्षा विभाग ने दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से की गई पीएचडी जो वर्ष जुलाई 2009 के बाद अवार्ड हुई है को असिस्टेंट प्रोफेसर के पद के लिए अमान्य कर दिया था। विभाग ने इसके आदेश विवि के 27 अगस्त को हुए दीक्षांत समारोह के ठीक दो दिन पहले जारी किए थे। इससे समारोह में जिन 91 छात्रों को पीएचडी की डिग्री प्रदान की गई थी उनके साथ ही बाकी के 600 रिसर्च स्कालर्स की भी डिग्री एक तरह से अमान्य हो गई थी। समिति के अध्यक्ष डॉ. शिवा श्रीवास्तव के अनुसार अपनी बात रखने के लिए राज्यपाल से मिलने का समय मांगा गया है।

10 अक्टूबर तक का दिया समय
बैठक में हुए निर्णय के तहत रिसर्च स्कॉलर्स ने यूनिवर्सिटी और शासन को स्थिति स्पष्ट करने के लिए 10 अक्टूबर तक का समय दिया है। इस तारीख तक यदि पीएचडी की मान्यता को लेकर स्थिति साफ नहीं होती है तो सभी रिसर्च स्कॉलर्स आंदोलन शुरू कर देंगे। समिति सदस्यों ने पीएचडी डिग्री को मान्यता मिलने तक यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित किए जा रहे वायवा और कोर्स वर्क की परीक्षा स्थगित करने की मांग की है। साथ ही सदस्यों ने यूनिवर्सिटी से इस संबंध में यूजीसी से किए गए पत्राचार की प्रति उपलब्ध कराने की भी मांग की है। इस संबंध में भोज यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार को एक पत्र भी लिखा है। रविवार को हुई इस पहली बैठक में करीब दो दर्जन रिसर्च स्कॉलर्स मौजूद थे।
अगर आपके पास भी है कोई जानकारी/खबर या फोटो तो हमें वॉट्सऐप नंबर 8462002585 पर शेयर करें अथवा मेल करें bplhyper@gmail.com।